'हिंदू सबसे बड़े पाखंडी..' बोलकर फंसे गुजरात के राज्यपाल, गायों की मौत पर कही ये बात
राजपीपला (नर्मदा)। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत के हिंदुओं को 'पाखंडी' कहने के बाद उनके बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने यह बयान बुधवार को नर्मदा जिले के पोइचा गांव में 'प्रकृति की गोद में जैविक खेती' विषय पर एक सेमिनार को संबोधित करते हुए दिया। वहां गायों की अकाल मौतों का जिक्र हो रहा था, तो राज्यपाल ने लोगों को धिक्कारा। उन्होंने कहा, "लोग 'जय गौ माता' का जाप तो करते हैं, लेकिन जब गाय दूध देना बंद कर देती है तो फिर उसे सड़कों पर छोड़ देते हैं। वो चारे-पानी की तलाश में भटकती रहती हैं।"

गुजरात के दो प्रमुख समाचार पत्रों ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत को उद्धृत करते हुए उनके हवाले से लिखा, "लोग 'जय गौ माता' बोलते रहते हैं...गाय जब दूध देती है तो उसे अपने अस्तबल में रखते हैं। लेकिन एक बार जब वह दूध देना बंद कर देती है, तो वे उसे सड़कों पर छोड़ देते हैं। और, फिर भी कुछ लोग खुद को हिंदू नंबर-1 बताते हैं। मैं मानता हूं कि हिंदू धर्म और गाय आपस में जुड़े हुए हैं, लेकिन यहां लोग स्वार्थ के लिए 'जय गौ माता' का जाप करते हैं।"
राज्यपाल ने आगे कहा, "लोग भगवान से प्रार्थना करने के लिए मंदिरों, मस्जिदों, चर्च, गुरुद्वारा जाते हैं...ताकि भगवान उन्हें आशीर्वाद दे। मैं कह रहा हूं कि यदि आप जैविक खेती की ओर लौटेंगे, तो भगवान आपके साथ हमेशा खुश रहेंगे। मैं, वैज्ञानिक प्रमाण के साथ, कह रहा हूं कि रासायनिक खाद के इस्तेमाल से आप मवेशियों को मार रहे हैं। अगर आप जैविक खेती की ओर बढ़ेंगे, तो आप मवेशियों को जीवन देंगे।"












Click it and Unblock the Notifications