गुजरात: कांग्रेसी विधायकों के इस्तीफे से खाली हुईं 8 सीटों पर 3 नवंबर को वोटिंग, बिहार के साथ ही आएंगे चुनाव के नतीजे
गांधीनगर। भारतीय चुनाव आयोग ने कई राज्यों की 56 विधानसभा एवं एक लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव की तारीखों का आज ऐलान कर दिया। इनमें गुजरात की 8 विधानसभा सीटों पर 3 नवंबर को वोटिंग होगी। उसके बाद 10 नवंबर को चुनाव परिणाम जारी किया जाएगा। बता दें कि, बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे भी 10 नवंबर को ही आएंगे।

गुजरात की इन सीटों पर पड़ेंगे वोट
गुजरात में जिन सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें कच्छ की अबडासा, बोटाद की गढड़ा, अमरेली की धारी, मोरबी की मोरबी-मालिया, सुरेन्द्रनगर की लींबडी, वडोदरा की करजण, डांग की डांग विधानसभा वलसाड की कपराडा सीट शामिल हैं। ये वो सीटें हैं, जिनसे इसी साल कांग्रेसी विधायकों ने इस्तीफे दिए थे। अब कई महीनों बाद इन सभी सीटों पर उपचुनाव होने हैं। आयोग के अधिकारियों ने बताया है कि, गुजरात की सीटों के लिए 16 अक्टूबर को नामांकन की अंतिम तारीख होगी। वहीं, 19 अक्टूबर को नाम वापसी की अंतिम तारीख रखी गई है।

यहां भी होंगे उपचुनाव
गुजरात के अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश समेत 10 राज्यों में उपचुनाव होंगे। वहीं, बिहार की एक लोकसभा सीट और मणिपुर की दो विधानसभा सीटों पर 7 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। 54 विधानसभा सीटों पर मतदान के बाद सभी सीटों के नतीजे 10 नवंबर को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications