गुजरात में कोरोना के पौने पांच हजार मामले, 1 दिन में रिकॉर्ड 22 मौतें, 736 लोग हुए ठीक
अहमदाबाद। गुजरात में कोरोना वायरस के संक्रमितों का आंकड़ा अब पौने पांच हजार तक पहुंच गया है। यहां के कुल 33 जिलों में 30 जिले कोविड-19 की चपेट में आ चुके हैं। राज्य भर में 24 घंटों के अंदर 326 नए मामले सामने आए। इसके अतिरिक्त यहां एक दिन में रिकॉर्ड 22 मरीजों की मौत हो गई। कुल मौतों का आंकड़ा 200 पार चला गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि, संक्रमण से अब तक 236 लोगों की मौत हो चुकी है।

736 हुई ठीक हुए लोगों की संख्या
कोरोना के मामलों देश में दूसरे नंबर पर चल रहे इस राज्य से राहत भरी खबर यह है कि, यहां 736 मरीज स्वस्थ होकर अब तक घर भी लौट चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की सचिव जयंती रवि ने दिलासा देते हुए कहा- ''हमें कोरोना से डरने की नहीं, बल्कि लड़ने की जरूरत है। माना कि राज्य में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, लेकिन गुरुवार को 86 लोगो ठीक भी हुए। ठीक होने वाले लोगों को अस्पतालों से वापस उनके घर भेजा जा रहा है।'

कुल मरीजों के आधे से ज्यादा अहमदाबाद से
शुक्रवार तक गुजरात में कोरोना वायरस के 4721 मामले दर्ज हुए। जिनमें से 3 हजार से ज्यादा मामले अकेले अहमदाबाद के थे। यह शहर गुजरात में कोरोना वायरस के संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित हुआ है। इस एक शहर में ही 165 जिंदगियां खत्म हो चुकी हैं। सक्रिय मरीजों की तादाद 2000 से ज्यादा है। इतना ही नहीं, यहां राज्य के कुल मरीजों के आधे से भी ज्यादा मरीजों का उपचार किया जा रहा है।

इस जिले में हर 8 मिनट पर मिल रहा एक नया
मरीज अहमदाबाद में अब प्रति 8 मिनट पर कोरोना का नया मामला सामने आ रहा है। यह शहर देश के उन टॉप-5 शहरों में से एक है, जहां कोरोना के संक्रमण से सबसे ज्यादा मौतें हुईं हैं। मरीजों की संख्या के मामले में यह गुजरात में ही पहला नहीं, अपितु देश में भी दूसरे नंबर पर खड़ा है।

हर 4 दिन में यहां दोगुना हो रहे कोविड-19 केस
निगम आयुक्त (म्युनिसिपल कमिश्नर) विजय नेहरा ने एक चौंकाने वाला खुलासा भी किया। नेहरा ने कहा कि, अहमदाबाद में हर 4 दिन में कोरोना वायरस के मामले दोगुने होते जा रहे हैं। यदि ऐसे ही चलता रहा तो मई महीने के अंत तक मरीजों की संख्या 8 लाख तक पहुंच जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications