कांग्रेस चलाएगी गुजरात में 'जन चेतना' अभियान, कहा- महंगाई और मंदी लोगों को बहुत दर्द दे रहीं
गांधीनगर। बढ़ती महंगाई एवं आर्थिक मंदी से जूझ रहे आमजन की आवाज बुलंद करने का वादा करते हुए कांग्रेस 7 जुलाई से 'जन चेतना' अभियान शुरू कर रही है। गुजरात में कांग्रेस विपक्ष में है और भाजपा बरसों से सत्ता में है। कोरोना महामारी से लेकर महंगाई, बेरोजगारी एवं तूफान-आपदा आदि आदि मुद्दों पर सवालों में घिरी भाजपा सरकार के लिए अब कांग्रेस का 'जन चेतना' अभियान भारी पड़ने के आसार हैं। गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने इस बारे में ऐलान कर दिया है।

चावड़ा ने कहा कि, गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के बैनर तले राज्यभर में 7 जुलाई, बुधवार से जन चेतना अभियान चलाए जाएंगे। यह अभियान 17 जुलाई तक चलेगा। इस अभियान में कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता राज्य में व्याप्त मंदी व महंगाई जैसे मुद्दों उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि, जन चेतना अभियान के जरिए आमजन से संपर्क किया जाएगा। चावड़ा बोले, ''अब पेट्रोल-डीजल और गैस बढ़ोतरी की दरों के विरोध में रैलियां और कार्यक्रम किए जाएंगे।' उन्होंने कहा, ''साइकिल यात्रा भी निकाली जाएंगी। इसके अलावा हम पेट्रोल दर बढ़ोतरी के विरोध में पेट्रोल पम्पों पर हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे।'

गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष ने कहा, 'भाजपा सरकार ने कोरोना महामारी के दौर में भी जनता को खूब दुख पहुंचाया। सरकार की गलत नीतियों के चलते मौतें ज्यादा हुईं। लोगों के रोजगार-धंधे चौपट हो गए। अब लोगों की आर्थिक हालत खस्ता है, लेकिन भाजपा और उसके सत्ताधारी लोग बड़े उत्सव व राजनीतिक एजेन्डा में मस्त हैं। हम इसका विरोध करेंगे। उन्हें यह मानना ही होगा कि, मंदी-महंगाई और महामारी से जनता बहुत परेशान है और इस सरकार की नीतियां ही जिम्मेवार हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने बताया कि, 7 जुलाई से शुरू हो रहे 'जन चेतना' अभियान में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, सभी संगठन और निर्वाचित पदाधिकारी तालुका और शहरस्तर पर हिस्सा लेंगे। इसके लिए दिल्ली भी बात की जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications