मुख्यमंत्री बोले- गुजरात में 60% है कोरोना मरीजों की रिकवरी दर, 300 से ज्यादा लोग ठीक हो गए
अहमदाबाद। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का कहना है कि, राज्य में कोरोना मरीजों के स्वस्थ्य होने का प्रतिशत 60 के करीब है। आगामी 3 मई तक, जब तक यहां लॉकडाउन खत्म होगा तब तक डेढ़ हजार से ज्यादा लोग ठीक होकर घर पर होंगे, जो 16 से 22 अप्रेल के दौरान पॉजिटिव पाए गए थे।

गुजरात के सीएम विजय रूपाणी ने कोरोना पर बताई ये बातें
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक के जरिए राज्य के नागरिकों को संबोधित करते हुए कोरोना महामारी और लॉकडाउन के संदर्भ में उठ रहे सवालों का जवाब दिया और राज्य सरकार का दृष्टिकोण भी साफ किया। उन्होंने आश जताई कि, तीन मई तक 1641 मरीज और स्वस्थ हो जाएंगे। अब तक 313 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना की भयावहता समझाते हुए रूपाणी बोले- इस वायरस के संक्रमण को हम सभी को ठीक से समझना होगा। कोरोना संदिग्ध लोगों का हम टेस्ट कर रहे हैं और उसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कर रहे हैं। यही नहीं, उनके संपर्क में आए सभी लोगों को हम क्वारंटाइन भी कर रहे हैं।

मरीजों का हॉस्पिटल में 15 दिन तक रहना आवश्यक
मुख्यमंत्री ने कहा कि, कोरोना पॉजिटिव मरीजों का हॉस्पिटल में 14 से 15 दिन के उपचार का प्रोटोकॉल है। हॉस्पिटल में भर्ती होने वाला मरीज का 15 दिनों में 2 बार टेस्ट होता है और नेगेटिव आने पर मरीज को छुट्टी दी जाती है। रविवार तक ही राज्य के लगभग 2,800 मरीजों में से 282 मरीजों को छुट्टी दी गई। जिन मरीजों को छुट्टी दी गई है, वे 11 अप्रैल को भर्ती हुए होंगे और उन दिनों के आंकड़े को देखें तो राज्य में 468 मरीज पॉजिटिव थे। इसका मतलब यह हुआ कि 60 फीसदी मरीज रिकवर कर लिए गए।

16 अप्रैल को लगाया गया था कर्फ्यू
मुख्यमंत्री ने बताया कि, गुजरात में 16 अप्रैल को कर्फ्यू लगाया गया था। इस बीच बड़े पैमाने पर सर्विलांस और टेस्टिंग भी की गई। जिसकी बदौलत 16 से 22 अप्रैल तक 1,641 मरीज मिले। अब ये 1,641 मरीज 15 दिन बाद स्वस्थ होकर घर चले जाएंगे। इस तरह हम कोरोना पर काबू पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications