'भगवान कृष्ण की भूमि से गुजरात को मिलेगा अच्छा CM', इसुदान गढ़वी को लेकर केजरीवाल ने कही ये बात
हिमाचल प्रदेश में मतदान खत्म होने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने पूरा फोकस गुजरात में कर लिया है। वहां पर पार्टी ने इसुदान गढ़वी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। वैसे तो AAP ने कई प्रत्याशियों के नाम जारी किए थे, लेकिन उसमें गढ़वी का नाम नहीं था। जिस वजह से कई सीटें चर्चा में थीं, लेकिन रविवार को पार्टी ने साफ कर दिया कि वो खंभालिया सीट से मैदान में उतरेंगे।

सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा कि किसान, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं, व्यापारी के लिए सालों तक आवाज उठाने वाले इसुदान गढ़वी जाम खम्भालिया से चुनाव लड़ेंगे। भगवान कृष्ण की पावन भूमि से गुजरात को एक नया और अच्छा मुख्यमंत्री मिलेगा। वैसे ये सीट अभी कांग्रेस के कब्जे में है, वहां 2017 में अहीर विक्रमभाई अर्जनभाई जीते थे। इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए उन्होंने सीएम केजरीवाल का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि आपने और गुजरात के लोगों ने मुझ पर जो विश्वास किया है, मैं आश्वासन देता हूं कि मैं अपनी आखिरी सांस तक गुजरात के लोगों की सेवा करूंगा।।
चारधाम में शामिल है द्वारका
आपको बता दें कि खंभालिया द्वारका जिले में पड़ता है। द्वारका का हिंदू धर्म में काफी ज्यादा महत्व है। पौराणिक कथाओं के मुताबिक भगवान कृष्ण अपने मामा कंस का वध करने के बाद द्वारका आ गए। वहां पर ही उन्होंने अपना राज स्थापित किया। ये देश के पवित्र चारधामों में से एक है। साथ ही इसे गुजरात की पहली राजधानी भी माना जाता था।
पत्रकार से बने नेता
आपको बता दें कि जामनगर के कॉलेज की पढ़ाई के बाद इसुदान ने पत्रकारिता की पढ़ाई की। फिर वो मीडिया फील्ड में उतर गए और कई बड़े संस्थानों के साथ काम किया। 2015 में वो एक न्यूज चैनल के ब्यूरो चीफ बने। धीरे-धीरे उनकी लोकप्रियता बढ़ती गई। सालभर पहले वो आम आदमी पार्टी के साथ जुड़े थे और कई बड़े प्रदर्शनों में हिस्सा लिया। उनके ऊपर शराब पीकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था।












Click it and Unblock the Notifications