स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने गए परिवार की 5 दिन पहले मिली थी चार लाश, अब बरामद हुआ लापता महिला का शव
वड़ोदरा। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को देखने गए एक परिवार के 4 लोगों के शव 5 मार्च को मिल गए थे, जबकि परिवार की एक महिला लापता थी। जिसका शव 6 मार्च की देर शाम शिनोर तहसील के पुनियाद गांव के पास नर्मदा केनाल में मिला है। पांच सदस्यों का परिवार 1 मार्च को विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी देखने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। फिलहाल पुलिस इस मामले का आत्महत्या से जोड़कर देख रही है।
Recommended Video

1 मार्च को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने गया था परिवार
नवापुरा में रहने वाले कल्पेश चंदूभाई परमार एक मार्च को अपनी पत्नी तृप्ति, मां उषा बेन, बेटे अथर्व और बेटी नियती को लेकर केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने निकले थे। उन्होंने फेसबुक और परिवार के वॉट्सऐप ग्रुपों पर यात्रा की तस्वीरें भी पोस्ट की, लेकिन पांचों वापस घर नहीं लौटे। सभी के फोन भी बंद हो गए थे। कल्पेश चंदूभाई के परिजनों ने पुलिस थाने में रिपोर्ट लिखवाई। इस पर पुलिस की 7 टीमों ने परिवार की खोजबीन शुरू की।

पुलिस ने चैक किया CCTV
पुलिस ने सीसीटीवी की जांच की, तो पता चला कि आखिरी बार यह परिवार डभोई वेगा चौकड़ी के पास एक होटल में खाना खाने के लिए रूका था। तब उनका मोबाइल का लोकेशन शंकरपुरा बता रहा था। शंका के आधार पर नर्मदा केनाल में शंकरपुरा के पास खोजबीन शुरू की। तब नर्मदा की पोर शाखा के केनाल में एक कार दिखाई दी। पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन किया, तब क्रेन की मदद से कार निकाली गई।

कार में मिले चारों शव
कार से परिवार के चार सदस्यों के शव मिले। लेकिन तृप्ति के शव का पता नहीं मिला। शुक्रवार को फिर खोजबीन किए जाने पर शिनोर तहसील के पुनियाद गांव के पास नर्मदा केनाल में ही तृप्ति का शव मिला। कल्पेश की कार केनाल के पास एक कच्चे रोड पर रांग साइड पर जाने के बाद केनाल में गिर गई थी। तब सवाल यह उठता है कि कल्पेश ने कच्चे रास्ते पर कार क्यों उतारी? कल्पेश रास्ता भूल गए थे, या फिर जानबूझकर उन्होंने कार कच्चे रास्ते पर उतारी? ऐसे अनेक सवाल हैं, जो इस दुर्घटना को संदिग्ध बनाते हैं।

परिवार के 4 सदस्यों का अंतिम संस्कार
उधर गुरुवार को परिवार के चारों सदस्यों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। तृप्ति का अंतिम संस्कार अभी नहीं हुआ है। एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत ने नवापुरा इलाके को दहला दिया है।












Click it and Unblock the Notifications