गुजरात: दूसरी बार भूपेंद्र पटेल की ताजपोशी, 16 मंत्रियों ने भी ली शपथ
भूपेंद्र पटेल दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री बन गए हैं। उनको सोमवार को राज्यपाल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान पीएम मोदी, अमित शाह समेत कई राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं।

गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस बंपर जीत को देखते हुए पार्टी ने फिर से भूपेंद्र पटेल को सीएम पद की जिम्मेदारी दी, जिनको आज राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गांधीनगर सचिवालय के पास हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वो राज्य के 18वें सीएम हैं। उनके साथ 16 मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिसमें 8 कैबिनेट, 2 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 6 राज्यमंत्री शामिल हैं।
शपथग्रहण समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आमंत्रित किया गया था, जो रविवार रात को ही गुजरात पहुंचे और वहां पर एक रोड शो कर जीत के लिए जनता का आभार जताया। उनके अलावा कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी चीफ जेपी नड्डा, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में भूपेंद्र पटेल का पूरा परिवार भी मौजूद रहा।
इन मंत्रियों ने भी ली शपथ
कैबिनेट मंत्री
1- कनुभाई देसाई
2- ऋषिकेश पटेल
3- राघवजी पटेल
4- बलवंत सिंह राजपूत
5- कुंवरजी बावलिया
6- मुलुभाई बेरा
7- भानुबेन बाबरियाठ
8- कुबेर डिडोर.
Recommended Video
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
1- हर्ष सांघवी
2- जगदीश विश्वकर्मा
राज्यमंत्री
1- मुकेश पटेल
2- पुरुषोत्तम सोलंकी
3- बच्चू भाई खाबड़
4- प्रफुल्ल पानसेरिया
5- भीखू सिंह परमार
6- कुंवरजी हलपति
जल्द हो जाएगा विभाग का बंटवारा
16 मंत्रियों के शपथ लेने के बाद अब उनके विभागों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक हाईकमान के साथ बातचीत हो गई है, जल्द ही सभी के विभाग फाइनल कर दिए जाएंगे, ताकि मंत्री विकास कार्यों में जुट सकें।
156 सीट जीतकर बनाया रिकॉर्ड
इस बार का गुजरात विधानसभा चुनाव ऐतिहासिक रहा, जहां बीजेपी ने 182 में से 156 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस 17 पर ही सिमट गई। 1985 में कांग्रेस ने 149 सीटें जीतकर गुजरात में रिकॉर्ड बनाया था, जो इस बार टूट गया। वहां पर आम आदमी पार्टी ने भी 5 सीटें जीती हैं।












Click it and Unblock the Notifications