गुजरात में बजरंग बली को 21 किलो सोने के गहने पहनाए, 100 हार, चांदी-हीरे की 500 अंगूठियां
भावनगर। गुजरात में भावनगर के सालंगपुर में मौजूद एक प्राचीन मंदिर में बजरंग बली की प्रतिमा पर करोड़ों का सोना चढ़ाया गया। जी हां, यहां श्रीकष्टभंजन हनुमानजी नाम से पूजी जाने वाली प्रतिमा को 21 किलो सोने व हीरे के गहने पहनाए गए हैं। इन गहनों में 100 हार, 300 कड़े और 500 अंगूठियां शामिल थीं। पवित्र धानुर्मास की पूर्णिमा के मौके पर प्रतिमा का स्वर्ण आभूषणों से यह भव्य श्रृंगार किया गया। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं। इतना सोना देखकर लोग हतप्रभ रह गए।

मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, बजरंग बली के लिए हीरों से जड़े 8 मुकुट, 11 जोड़ी चांदी के कुंडल, 1 किलो चांदी का कमरबंद, 5 सोने से जड़ी रुद्राक्ष की मालाएं भी चढ़ाई गईं। अब बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए सालंगपुर पहुंच रहे हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए दर्शन कराए जा रहे हैं। हालांकि, कोरोना महामारी के कारण प्रतिमा के ऑनलाइन दर्शन भी कराए जा रहे हैं। मंदिर का दृश्य देखकर आप भी ताज्जुब करने लगेंगे। यह किले की तरह दिखता है।
इस मंदिर के बारे में मान्यता हैं कि एक युग में शनिदेव का प्रकोप काफी बढ़ गया था, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा था। ऐसे में खुद को शनि की कुदृष्टि से बचाने के लिए लोगों ने हनुमानजी से प्रार्थना की। तब हनुमानजी ने शनिदेव को दंड देने का निश्चय किया। यह बात शनिदेव को पता चली तो वे डर गए। ऐसे में शनिदेव ने खुद स्त्री का रूप धारण कर लिया। उसके बाद हनुमानजी के चरणों में गिरकर क्षमा मांगने लगे। इस पर हनुमान जी ने उन्हें क्षमा कर दिया। शनि ने उन्हें कहा कि, आपके भक्तों पर शनि दोष का असर नहीं होगा। ऐसी ही मान्यता के चलते यहां शनिदेव को हनुमानजी के चरणों में स्त्री रूप में पूजा जाने लगा।












Click it and Unblock the Notifications