3 दिन के दौरे पर गुजरात आए अमित शाह, आज अहमदाबाद में बड़ी मीटिंग, यहां क्या-क्या होगा?
अहमदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद पहुंचे हैं। वह अपने तीन दिवसीय दौरे पर गुजरात में रहेंगे। अहमदाबाद से सटा गांधीनगर, अमित शाह का लोकसभा क्षेत्र है। यहां के जनप्रतिनिधियों का कहना है कि, शाह यहां विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। आज वह अहमदाबाद जिलाधिकारी कार्यालय में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में शामिल हो रहे हैं। राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि, दिशा बैठकें किसी जिले में विभिन्न लोकोन्मुखी विकास कार्यों के प्रभावी और समयबद्ध कार्यान्वयन के लिए सांसदों, विधायकों और स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करती हैं।

अमित शाह की मौजूदगी में शुरू हुई बैठक में सांसद, विधायक और नगर निगम, नगर पालिकाओं और जिला पंचायतों के प्रमुख शामिल होने आए हैं। चूंकि, शाह गांधीनगर से लोकसभा सदस्य हैं और अहमदाबाद जिला तथा शहर के कई हिस्से उनके निर्वाचन क्षेत्र में आते हैं...ऐसे में शाह अहमदाबाद जिले में कुछ विकास-परियोजनाओं का भी जायजा लेंगे। भाजपा नेताओं के अनुसार, 29 अगस्त को शाह दक्षिण पश्चिम क्षेत्र में अहमदाबाद नगर निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। और एक बैठक बोदकदेव स्थित निगम कार्यालय में होगी।

सत्तारूढ़ भाजपा के पदाधिकारियों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार की सुबह, अहमदाबाद जिले के साणंद शहर के पास निधराद गांव में पोषण अभियान के तहत मिठाई बांटने के एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। पोषण अभियान 2022 तक भारत को कुपोषण से मुक्त बनाने के मकसद से केंद्र सरकार की एक योजना है। अधिकारियों का कहना है कि, तीन दिवसीय दौरे के आखिरी दिन शाह का सोमवार दिन ज्यादा महत्वपूर्ण रहेगा।













Click it and Unblock the Notifications