आम आदमी पार्टी ने गुजरात में शुरू किया सदस्यता अभियान, 50 दिन में 50 लाख लोगों को जोड़ा जाएगा
गांधीनगर। गुजरात के स्थानीय चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली आम आदमी पार्टी अब विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लगी हुई है। सोमवार को पार्टी ने राज्य के अंदर 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपना सदस्यता अभियान शुरू किया। ये अभियान अगले 50 दिन तक चलेगा और इस अभियान के तहत 50 लाख लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। स्टेट यूनिट के प्रमुख गोपाल इटालिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 'मिशन 2022' के तहत पार्टी अगले छह महीनों में 55,000 बूथ-स्तरीय समितियां खोलेगी और हर जिले को मजबूत करने का प्रयास करेगी।

पूरी तैयारी के साथ लड़ेंगे विधानसभा चुनाव- गोपाल इटालिया
गोपाल इटालिया ने कहा कि हमने मिस्ड कॉल अभियान भी शुरू किया है, जिसके तहत 72800-38003 नंबर पर लोग मिस्ड कॉल करके भी पार्टी की सदस्यता हासिल कर सकते हैं। गोपाल इटालिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी 2022 का विधानसभा चुनाव पूरी तैयारी के साथ लड़ेगी। दिल्ली के AAP विधायक और पार्टी के गुजरात प्रभारी गुलाब सिंह ने कहा कि राज्य के दक्षिणी जोन के प्रभारी मनोज सोरठिया को सूरत नगर निगम चुनाव में शानदार प्रदर्शन के लिए महासचिव बनाया गया था। मनोज सोरठिया ने कहा कि 2022 का विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच ही लड़ा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications