कोरोना वायरस: चीन में फंसे 20 गुजराती छात्रों की वापसी के लिए मां-बाप ने सरकार से मदद मांगी
Recommended Video
वडोदरा. कोरोना वायरस के कारण चीन के लोग ही नहीं, अपितु भारतीय छात्र भी संकट में हैं। करीब 250 छात्र चीन के वुहान प्रांत में फंसे हैं और कोरोना वायरस वहीं करीब 55 लोगों की जान ले चुका है। भारत के छात्रों को निकलवाने के लिए केंद्र सरकार ने चीनी सरकार से संपर्क किया है। इधर, गुजरात के भी कई परिवार चिंतित हैं, क्योंकि 20 गुजराती इन दिनों चीन में हैं।
कई लोगों को हुए इंफेक्शन के चलते चीन के कुछ शहरों में घर से बाहर जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसे में वडोदरा से MBBS की पढ़ाई करने चीन गई एक छात्रा श्रेया जयमान भी मुश्किलात झेल रही है।

श्रेया जयमान 18 साल की है और वह उन 20 गुजराती स्टूडेंट्स में शामिल है, जो चीन में फंसे हुए हैं। उनका कहना है कि, वायरस के बाद पनपे संकट की वजह से उनको पानी तक नहीं मिल पा रहा। ऐसे में श्रेया के पिता ने ट्वीट कर एमपी, सीएम, पीएमओ और गृहमंत्री से मदद की गुहार लगाई है।
श्रेया के पिता शशीकुमार जयमान ने विदेशमंत्री, मुख्यमंत्री, पीएमओ, गृहमंत्री और सांसद को ट्वीट किया है। जिसमें कहा है कि, उनकी बेटी श्रेया हुबई यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करती है। उसके आस-पास 300 से ज्यादा भारतीय और करीब 100 गुजराती छात्र फंसे होने की आशंका है। श्रेया के साथ ही 20 से ज्यादा छात्र होने की जानकारी भी उन्होंने ट्वीट में दी है और सभी को सुरक्षित वापस लाने के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाने की मांग की है।
इससे पहले वृन्द पटेल नामक एक छात्र ने वीडियो के जरिए सरकार से मदद मांगी थी। जिसमें भी उसके साथ 20 छात्र फंसे होने की बात कही थी। उसने कहा था कि अभी तक उनमें से किसी को इंफेक्शन नहीं हुआ, लेकिन मास्क पहनकर घर में बंद रहना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, वहां खाने-पीने तक की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं हो रही। अन्य देश अपने लोगों को बाहर निकाल चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications