DDU University: होटल मैनेजमेंट कर रहे छात्रों के लिए कुलपति ने कनाडा में की यह खास पहल, होंगे ये फायदे
Vij's Restaurant Vancouver Canada And DDU University Gorakhpur Latest News Hindi Uttar Pradesh: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने अपने होटल प्रबंधन एवं केटरिंग संस्थान के छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण सहयोग की शुरुआत की है, जो उनके व्यावसायिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। अपने कनाडा दौरे के दौरान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने वैंकूवर स्थित विख्यात "विज़ रेस्टोरेंट" का भ्रमण किया, जो प्रसिद्ध मिशलिन गाइड में सूचीबद्ध एक प्रतिष्ठित पाक संस्थान है। इस अवसर पर उन्होंने इसके संस्थापक, विश्वप्रसिद्ध सेलिब्रिटी शेफ विक्रम विज से प्रेरणादायक भेंटवार्ता की।
इस मुलाकात में शेफ विज ने विश्वविद्यालय के होटल प्रबंधन एवं केटरिंग संस्थान के छात्रों से संवाद स्थापित करने और उन्हें मार्गदर्शन देने की इच्छा जताई। प्रोफेसर टंडन ने कहा, "वैंकूवर स्थित 'विज़ रेस्टोरेंट' में जाकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई - जो मिशलिन गाइड में सूचीबद्ध है और विश्वविख्यात शेफ विक्रम विज द्वारा संचालित है। हमने हमारे होटल प्रबंधन संस्थान के छात्रों के मेंटरशिप को लेकर सार्थक चर्चा की। शेफ विज शीघ्र ही हमारे छात्रों से मुलाकात करेंगे और उन्हें प्रशिक्षण सत्र देंगे।"

विक्रम विज एक विश्वप्रसिद्ध भारतीय-कनाडाई शेफ, रेस्तरां संचालक, लेखक और उद्यमी हैं। कानपुर, भारत में जन्मे विज ने बी.एससी. (रसायन विज्ञान) की पढ़ाई के बाद उस समय असामान्य माने जाने वाले होटल प्रबंधन क्षेत्र को अपनाया। जब भारत में हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र को अक्सर "गृहविज्ञान" जैसा माना जाता था और मुख्यतः महिलाओं के लिए उपयुक्त समझा जाता था, उस समय विज ने साहसिक कदम उठाते हुए ऑस्ट्रिया में होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की और बाद में शास्त्रीय फ्रेंच पाककला में प्रशिक्षण प्राप्त किया। 1994 में वे कनाडा प्रवास कर वैंकूवर में "विज़ रेस्टोरेंट" की स्थापना की, जिसने अपनी नवोन्मेषी भारतीय व्यंजनों के कारण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त की। शेफ विज कनाडा के लोकप्रिय टेलीविज़न शो "ड्रैगन्स डेन" में निवेशक के रूप में भी नजर आ चुके हैं और उन्होंने कई प्रसिद्ध कुकबुक्स लिखी हैं, जो पारंपरिक भारतीय स्वादों को आधुनिक तकनीकों के साथ जोड़ती हैं।
मिशलिन गाइड के बारे में
मिशलिन गाइड विश्व के सबसे प्रतिष्ठित रेस्तरां मूल्यांकन प्रणालियों में से एक है, जो अपनी कठोर और गुप्त समीक्षा प्रक्रिया के लिए जाना जाता है। इसमें शामिल होना भोजन, सेवा और वातावरण में उत्कृष्टता का प्रतीक माना जाता है। विज़ रेस्टोरेंट का इसमें शामिल होना इसकी पाक उत्कृष्टता और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह सहयोग डीडीयूजीयू के छात्रों को वैश्विक दृष्टिकोण और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा। शेफ विज के साथ होने वाला संवाद अकादमिक और उद्योग के बीच संबंधों को और मजबूत करेगा तथा भावी हॉस्पिटैलिटी पेशेवरों को प्रेरणा देगा।












Click it and Unblock the Notifications