Indian Railway: पूर्वोत्तर रेलवे के 535 टिकट काउंटरों पर लगा क्यूआर डिवाइस, यात्रियों को मिलेगी यह बड़ी राहत
Gorakhpur News: यात्री प्रधान पूर्वोत्तर रेलवे, यात्रियों को सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा अनुभव कराने के लिये निरन्तर प्रयासरत है। इसी क्रम में, यू.टी.एस., पी.आर.एस. तथा यू.टी.एस. सह पी.आर.एस. काउंटरों पर टिकटों के भुगतान हेतु पूर्वोत्तर रेलवे के तीनों मंडलों के 535 टिकट काउंटरों पर क्यू.आर. डिवाइस लगा दिये गये हैं, जिसमें लखनऊ मंडल पर 221 अदद, वाराणसी मंडल पर 161 अदद तथा इज्जतनगर मंडल पर 153 अदद क्यू.आर. डिवाइस लगाये गये हैं। इस प्रकार पूर्वोत्तर रेलवे शत-प्रतिशत क्यू.आर. डिवाइस लगाने की सूची में अन्य तीन क्षेत्रीय रेलों के साथ सम्मिलित हो गया है।

इन क्यू.आर. डिवाइस के लग जाने से यात्रियों को यू.पी.आई. के माध्यम से डिजिटल भुगतान की सुविधा के साथ ही नगद एवं फुटकर पैसों के लिये होने वाली समस्याओं से छुटकारा मिलेगा और टिकट जारी करने में लगने वाले समय में कमी आयेगी तथा पारदर्शिता बढ़ेगी। पहले यू.पी.आई. के माध्यम से डिजिटल भुगतान की सुविधा ऑनलाइन टिकट बुकिंग हेतु उपलब्ध थी परन्तु इन क्यू.आर. डिवाइसों के लग जाने से अब यू.टी.एस., पी.आर.एस. तथा यू.टी.एस. सह पी.आर.एस काउंटरों पर टिकट बुकिंग हेतु भी डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध हो गई है, जिससे कैशलेस भुगतान (डिजिटल पेमेंट) को भी बढ़ावा मिल रहा है।
इस रेलवे पर यू.टी.एस. काउंटर पर 360, पी.आर.एस. काउंटर पर 74 तथा यू.टी.एस. सह पी.आर.एस. काउंटर पर 101 सहित 535 क्यू.आर. डिवाइस लगाये गये हैं। इसके अतिरिक्त 80 क्यू.आर. डिवाइस स्पेयर के रूप में उपलब्ध हैं।












Click it and Unblock the Notifications