गोरखपुर DDU University में चल रहे ABVP के राष्ट्रीय अधिवेश को संबोधित करेंगे सीएम योगी
ABVP News Gorakhpur Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित हो रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में रविवार 24 नवंबर को प्राध्यापक यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महंत श्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। इस वर्ष यह पुरस्कार श्रवण दिव्यांगजनों में कौशल विकास व शिक्षा के माध्यम से जीवन उद्देश्य और उत्साह उत्पन्न करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने हेतु महाराष्ट्र के ठाणे के दीपेश नायर को दिया जा रहा है।
गोरखपुर में चल रहे तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की संगठनात्मक संरचना के अनुसार देशभर 44 प्रांतों तथा मित्र राष्ट्र नेपाल से पंद्रह सौ से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इस राष्ट्रीय अधिवेशन में शिक्षा, समाज, पर्यावरण, संस्कृति आदि विषयों पर देशभर से आए विद्यार्थी, प्राध्यापक तथा शिक्षाविद विमर्श कर रहे हैं।

अधिवेशन के पहले दिन 22 नवंबर को देश के प्रसिद्ध उद्योगपति तथा जोहो कार्पोरेशन के सीईओ श्रीधर वेम्बु ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया था। श्रीधर वेम्बू ने स्वावलंबन, आंत्रप्रेन्योरशिप, रोजगार, युवाओं को भविष्य के दिशासूत्र, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आदि विषयों को अपने भाषण में प्रमुखता से उठाया था।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्री वीरेन्द्र सोलंकी ने बताया कि विद्यार्थी परिषद का गोरखपुर राष्ट्रीय अधिवेशन मानविकी, विज्ञान, मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग, चिकित्सा आदि विषयों में देशभर के अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के एक मंच पर आकर देश के बारे में अपनी भूमिका तय करने का माध्यम बन रहा है। प्राध्यापक यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार समाज जीवन में परिवर्तन लाने के लिए उल्लेखनीय काम करने वाले युवाओं को दिया जाता है, इस वर्ष के पुरस्कार के विजेता दीपेश नायर ने सैकड़ों दिव्यांगों को उच्च शिक्षा के लिए रास्ता दिखाया है।












Click it and Unblock the Notifications