Gita Press में अब एक घंटे में होगी चार हजार से अधिक पुस्तकों की बाइंडिग, जल्द लगेगी यह खास मशीन
Gita Press News Gorakhpur: पूरे विश्व में धार्मिक पुस्तकों का प्रकाशन करने वाली गीता प्रेस पूरी तरह हाईटेक है। गीता प्रेस ने समय के साथ खुद में कई परिवर्तन किए हैं। सर्वाधिक परिवर्तन यहां की मशीनों में हुआ है। इसी क्रम में गीता प्रेस एक ऐसी आधुनिक मशीन लगाने जा रहा है जिससे एक घंटे में साढ़े चार हजार पुस्तकों की बाइंडिंग होगी। गीता प्रेस ने पुस्तकों की मांग को देखते हुए इस मशीन को लगाने का निर्णय लिया है।
गीता प्रेस के प्रबंधक लालमणि तिवारी ने बताया कि धार्मिक पुस्तकों की मांग प्रतिदिन बढ़ रही है। ऐसे में नई अत्याधुनिक मशीनों को बढ़ाना हमारी बड़ी आवश्यकता है। वर्तमान समय में जो मशीन है उससे प्रति घंटे मात्र 18 सौ पुस्तकें ही प्रकाशित हो पाती हैं। नई मशीन जो लगाई जाएगी उससे प्रति घंटे साढ़े चार हजार पुस्तकों की बाइंडिंग हो सकेगी। इसके साथ ही इस आधुनिक मशीन से तीन अन्य कार्य भी एक साथ किए जा सकेंगे। अब पुस्तकों के प्रकाशन में और तेजी आएगी।

प्रबंधक लालमणि तिवारी ने बताया कि नई मशीन पूरी तरह भारत में निर्मित है। बेंगलुरु से आने वाली इस पांच करोड़ की मशीन से पुस्तकों का उत्पादन 20 प्रतिशत तक बढ़ जाएगा। कंपनी यहां सर्वे कर चुकी है।
बेंगलुरु से आए विंडवेल कंपनी के टेक्निकल डॉयरेक्टर सुरेश नायर ने बताया कि 11 टन वजन वाली यह मशीन अत्याधुनिक तकनीक से बनी है। इसके आने के बाद यहां का उत्पादन और बढ़ेगा। पुस्तकों की अधिक से अधिक बाइडिंग हो सकेगी। इस मशीन में चार अलग अलगर पार्ट हैं। पहला हिस्सा गैदरिंग का है जो किताबों को क्रमबद्ध करता है। दूसरा परफेक्ट बाइंडर है जो पुस्तकों की बाइंडिंग करेगा। तीसरा कन्वेयर है और चौथा ट्रीमर है जो पुस्तकों की कटिंग करेगा।












Click it and Unblock the Notifications