MMMUT: एमएमएमयूटी के चौथे कुलपति होंगे प्रोफेसर जेपी सैनी, प्राचार्य के रुप में यहां कर चुके हैं काम
Gorakhpur News: मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का नया कुलपति प्रोफेसर जेपी सैनी को बनाया गया है। वह इसके विश्वविद्यालय बनने से पहले यहीं पर प्राचार्य के पद पर कार्यरत थे। वह चौथे कुलपति होंगे। वर्तमान में वे नई दिल्ली स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के कुलपति के साथ एनएसयूटी, नई दिल्ली के संस्थापक कुलपति भी हैं।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए उनके लिए शानदार वातावरण को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही उनके कौशलों पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधि को ऊंचाई पर ले जाकर नई पहचान दिलाने का प्रयास होगा।

प्रोफेसर सैनी ने कहा कि वह यहां प्राचार्य के रुप में कार्य कर चुके हैं। इसलिए यहां के वातावरण से पूरी तरह परिचित हैं। सभी लोगों के सहयोग से यहां शिक्षा का शानदार वातावरण बना रहेगा।
प्रो. सैनी जनवरी 2010 से दिसंबर 2013 तक मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य भी रहे हैं। इस दौरान उनके पास एमकेआर इंजीनियरिंग कॉलेज ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, आजमगढ़ के प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार भी था। उन्होंने 1987 में केएनआईटी सुल्तानपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक, 1996 में आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में एमटेक, 2001 में केएनआईटी, डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है।












Click it and Unblock the Notifications