Gorakhpur: अनियंत्रित डंपर ने कावंड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को मारी टक्कर, एक की मौत
Gorakhpur News: गोरखपुर के धर्मशाला पुल के पास रविवार भोर में अनियंत्रित डंपर ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी है जबकि 12 लोग घायल हैं। घायलों का इलाज चल रहा है। डंपर चालक गाड़ी सहित फरार हो गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, कावड़िए बड़हलगंज स्थित सरयू नदी से जलभर पिपराइच के मोटेश्वर नाथ मंदिर जा रहे थे। गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र के स्थित धर्मशाला ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर ट्राली को ठोकर मार दी। जिसमें आकाश गुप्त (उम्र 17 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। दो कावड़ियों की हालत गंभीर है। अंशू गुप्ता, सूरज गुप्ता, अमन कुमार, नन्हें भारती, विकास कुमार, राजू, अमन कन्नौजिया, निरज, शिवम गुप्ता, अजय साहनी, विवेक साहनी, आकाश साहनी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

कावड़िए अशोक ने बताया कि पिपराइच के मोटेश्वर नाथ मंदिर रविवार भोर में जल देने जा रहे थे। हम लोग बड़हलगंज से चलकर हम गोरखपुर आ गए थे। महज 20 किलोमीटर की दूरी शेष रह गयी थी। तभी विपरीत दिशा से आ रहे डंपर में ठोकर मार दी। टक्कर इतना तेज था कि हम सभी के होश उड़ गए। लगा कि हम सभी ट्रैक्टर से कहां गये। बेहद दर्दनाक हादसा था जिसमें गांव के एक युवक की मौत हो गयी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। डंपर व चालक की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज निकालकर छानबीन की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications