गोरखपुर में फिल्मी अंदाज में बैंक लूटने पहुंचा एमआर, लोन चुकाने की खातिर दिया वारदात को अंजाम
यूपी के गोरखपुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बैंक का लोन और ईएमआई चुकाने के लिए एक एमआर लुटेरा बन गया। इतना नहीं जिस बैंक में उसका खाता रहा है, उसी बैंक को फिल्मी स्टाइल में लूटने के लिए बैंक पहुंच गया। इसी बीच बैंक ब्वाय ने पैनिक बटन दबा दिया। जिसके बाद वो फरार हो गया। बैंक को लूटने के पहले उसने बैंक की कई बार रेकी भी की थी। ये सारी वारदात बैंक और आसपास के कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद बैंक कर्मियों ने हेलमेट और मास्क पहनने के बावजूद उसे पहचान लिया और 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया

फिल्मी स्टाइल में लूटने के लिए बैंक पंहुचा
यूपी के गोरखपुर शहर के शाहपुर थानाक्षेत्र के असुरन चौक पर बंधन बैंक में बुधवार की शाम 4.30 बजे एक युवक घुस गया। उसने हेलमेट और मास्क लगाया था। उसने कैश काउंटर पर बैठे कैशियर की ओर बैग फेंक कर उसमें रिवाल्वर की नोक पर रुपए भर देने के लिए कहा। घबराकर कैशियर बैग में रुपए भरने लगा। इसी बीच बैंक ब्वाय ने तत्परता दिखाते हुए बैंक का पैनिक बटन दबा दिया। पैनिक बटन दबाते ही बैंक में अलार्म बज उठा। इसके बाद बैंक को लूटने घुसा लुटेरा भागकर बाहर गया और वहां से अपनी बाइक से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बैंक से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान जलालुद्दीन खान के नाम से हुई है। पुलिस ने उसे गुरुवार को गोरखपुर के चिलुआताल थानाक्षेत्र के नकहा नंबर एक स्पोर्ट्स कॉलेज से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से एक रिवाल्वर व चाकू बरामद किया है। पुलिस ने बैंक के उप प्रबंधक कृष्ण कुमार के तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज से पहचाना लूटेरा
जब बैंक कर्मियों ने बैंक का सीसीटीवी फुटेज को चेक की तो पता चला कि वो युवक उसी कपड़े में एक घंटे पहले भी बैंक में आया था। दरअसल उस युवक का बैंक में खाता भी है। यही वजह है कि बैंक कर्मियों ने बैंक के बाहर दुकानों और प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी कैमरे की मदद से उसकी बाइक का नंबर और डिटेल हासिल कर ली। इसके बाद बैंक में जांच पर पता चला कि उसका बंधन बैंक में खाता भी है। इसके साथ ही उसने 30 लाख रुपए का होम लोन और 10 लाख रुपए का दवा कंपनी का बकाया है। 40 हजार रुपए हर माह की सैलरी और 30 हजार रुपए की ईएमआई की वजह से उसने बैंक को लूटने का अकेले ही प्लान बनाया और फिल्मी अंदाज में बैंक लूटने पहुंच गया।

आरोपी ने बीएससी तक पढ़ाई की है
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी ने बीएससी तक पढ़ाई की है। वो एक दवा कंपनी में एमआर का काम करता है। वो बड़ी कंपनी से दवा लेकर छोटी कंपनी को देता है। उसके साथ काम कर रहे दो अन्य कर्मचारियों ने काम छोड़ दिया था। बुधवार की सुबह पहले उसने बैंक में जाकर रुपए जमा करने और निकालने के बहाने रेकी भी की। वो पूरे दिन में दो बार पहले भी बैंक आया और फिर शाम को लूटने पहुंच गया। आरोपी जलालुद्दीन उसी बैंक का खाताधारक भी है उसने बताया कि 10 साल पहले उसे उसके गांव के एक दोस्त ने रिवाल्वर दी थी, लेकिन उसके पास रिवाल्वर गोलियां नहीं थीं। लूट के लिए उसने वही रिवाल्वर का इस्तेमाल किया। पुलिस ये भी जांच कर रही है कि उसके पास से बरामद रिवाल्वर किसकी है।












Click it and Unblock the Notifications