Gorakhpur News: गोरखपुर में बन गई शहर की नई सरकार, मेयर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव व 80 पार्षदों ने ली शपथ
गोरखपुर में शहर की नई सरकार का गठन हो चुका है। मेयर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव व 80 पार्षदों ने शनिवार को पद व गोपनीया की शपथ ली।

Gorakhpur News: सीएम योगी के शहर गोरखपुर में नई सरकार बन गयी है। शनिवार को बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह में कमिश्नर रवि कुमार एनजी ने डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव को महापौर पद की शपथ दिलाई। महापौर ने फिर 80 पार्षदों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद शहर की नई सरकार का गठन हुआ। योगी सरकार के शहरी विकास मंत्री सुरेश खन्ना कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल रहे एंव उन्होंने मेयर को शक्ति का प्रतीक गदा भी दिया।
हम सब मिलकर गोरखपुर को देंगे नया आयाम
शपथ ग्रहण के बाद महापौर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव ने गोरखपुर की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।
मेयर ने कहा कि हम सब को मिलकर गोरखपुर को एक नये आयाम तक कैसे पहुंचाना है इस पर विचार करना है और कार्य करना है। जनता ने सेवा करने का जो अवसर प्रदान किया है उसके लिए सदैव प्रयत्नशील रहूंगा। यहां के विकास के लिए जो भी कार्य होंगे उसे पूरी तत्परता के साथ किया जाएगा। गोरखपुर को नई पहचान देने का प्रयास करुंगा।
बोले वित्त मंत्री सुरेश खन्ना
गोरखपुर में तीव्र विकास हुआ है। आम आदमी गर्व महसूस करता है। यह सीएम का गृह जनपद है। सीएम की ख्याति देश ही नहीं विदेशों में भी है। आज यहां का कोई आदमी विदेश भी चला जाए और बताए कि मै सीएम योगी के शहर से हूं तो उसे सम्मान मिलेगा। बहुत कुछ बदल गया है इन छह सालों में। सीएम योगी ने कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उम्मीद है डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में बनी यह नई सरकार शहर के विकास को नई दिशा व गति देगी। इसकी स्वच्छता रैंकिग में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि डॉक्टर मंगलेश एक संस्कारी व्यक्ति हैं और एक संस्कारी व्यक्ति इस शहर को और अच्छे से चला सकता है।
सांसद रवि किशन ने दी बधाई
सांसद रवि किशन ने कहा कि यहा की जनता ने विकास कार्यों पर मुहर लगाई है। जनता के प्रति आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने डॉक्टर मंगलेश के नेतृत्व में शहर की नई सरकार बनाने का अवसर दिया। पीएम मोदी व सीएम योगी के नेतृत्व में पूरे देश व प्रदेश का विकास हो रहा है। आज यहां बन रही ट्रीपल इंजन की सरकार गोरखपुर को नई दिशा व गति प्रदान करेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, विधायक विपिन सिंह, विधायक महेन्द्र पाल सिंह, एमएलसी देेवेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व मेयर सीताराम जायसवाल, पूर्व मेयर सत्या पांडेय, पूर्व मेयर अंजू चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीएम कृष्णा करुणेश,नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications