Independence Day: गोरखपुर विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, कुलपति ने किया ध्वजारोहण
Independence Day 2025 DDU University Gorakhpur Latest News Hindi Uttar Pradesh: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में 79वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह प्रशासनिक भवन पर आयोजित हुआ, जिसकी शुरुआत कुलपति प्रो. पूनम टंडन द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने से हुई। इसके उपरांत कुलपति ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ, एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस के स्वयंसेवक उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अपने संबोधन में प्रो. टंडन ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि आज की आज़ादी हमारे पूर्वजों के त्याग और साहस का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारत आज "अमृत काल" में प्रवेश कर चुका है और 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक संस्था की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, "हमारा विश्वविद्यालय इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक दायित्वों में उत्कृष्टता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।"

कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को सफलतापूर्वक लागू करते हुए बहु-विषयक शिक्षा, कौशल-आधारित पाठ्यक्रम और डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया है। स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, e-प्रशासन और छात्रोपयोगी पोर्टल्स के माध्यम से शैक्षिक वातावरण को आधुनिक और सुलभ बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में अनुसंधान प्रकाशनों में 30% वृद्धि, कई पेटेंट, और नेचर इंडेक्स में प्रदेश में सर्वोच्च स्थान जैसी उपलब्धियाँ विश्वविद्यालय की गुणवत्ता और क्षमता का प्रमाण हैं। टाइम्स हायर एजुकेशन, QS World South Asia Ranking तथा इंडिया टुडे रैंकिंग में भी विश्वविद्यालय का प्रदर्शन सराहनीय रहा है।
कुलपति ने यह भी उल्लेख किया कि विश्वविद्यालय प्रदेश में सबसे पहले प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर पठन-पाठन आरंभ करने वाला संस्थान रहा है। उद्योगों के साथ साझेदारी में चलाए गए कौशल विकास कार्यक्रमों के परिणामस्वरूप पिछले वर्ष प्लेसमेंट में 40% की वृद्धि हुई है।

DDU University : दूसरे चरण में 39 कोर्सेज की आवंटन सूची जारी, शेष 5 कोर्सेज के आवंटन परिणाम कल
उन्होंने गर्वपूर्वक बताया कि छात्र अभिषेक श्रीवास्तव का महामहिम राष्ट्रपति से मिलना और प्रो. हिमांशु चतुर्वेदी का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित पद संभालना पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है।
अपने उद्बोधन के अंत में प्रो. टंडन ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचारी अनुसंधान और समाजोपयोगी कार्यों के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण में अपना सर्वोत्तम योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।

इससे पहले प्रातः 7:30 बजे कुलपति आवास पर भी ध्वजारोहण किया गया, जहाँ विश्वविद्यालय के सुरक्षा गार्ड्स ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया।












Click it and Unblock the Notifications