UP Budget 2024 Reaction: उत्तर प्रदेश बजट पर सांसद रवि किशन, कमलेश पासवान सहित जानिए क्या है इनकी प्रतिक्रिया
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सोमवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2024-2025 का बजट पेश किया। यह बजट यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने प्रस्तुत किया। इस बजट पर गोरखपुर के सांसद रवि किशन, बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, मेयर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव, भूमि विकास बैंक के चेयरमैन संत राज यादव, गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉक्टर महेन्द्र कुमार सिंह, उद्यमी स्वतंत्र वीर सहित कई लोगों ने वन इंडिया हिंदी से बातचीत में अपनी प्रतिक्रिया दी। आइए जानते हैं यूपी बजट को लेकर क्या कहते हैं ये लोग-
गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने इस बजट को लोकमंगल के पर्याय प्रभु श्री राम को समर्पित बताया।उन्होंने कहा कि यह बजट 'नए उत्तर प्रदेश' के समग्र और संतुलित विकास का एक आर्थिक दस्तावेज है। आस्था, अंत्योदय और अर्थव्यवस्था पर केंद्रित इस सर्वसमावेशी बजट के लिए सीएम योगी, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना व उनकी पूरी टीम को ह्दय से बधाई देता हूं।
बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान ने कहा कि यह एक बेहतरीन बजट है। इससे प्रदेशवासियों को एक नई दिशा और गति मिलेगी। यह समाज के हर वर्ग को मजबूती प्रदान करेगी। प्रदेश के आर्थिक विकास को पंख लगेंगे। यह एक हितकारी बजट है।

मेयर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का यह बजट जनकल्याणकारी और जनहितकारी है। इससे विकास के नए द्वार का सृजन होगा। इस शानदार बजट के लिए सीएम योगी और उनकी पूरी टीम को बधाई देता हूं।
उत्तर प्रदेश भूमि विकास बैंक के चेयरमैंन संत राज यादव ने कहा कि यह बजट प्रदेश के उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा। सभी क्षेत्रों में यह बजट प्रभावशाली उपयोगी है। इस नाते मैं इस बजट का स्वागत करता हूं और उत्तर प्रदेश सरकार को इसके लिए बधाई देता हूं।
गोरखपुर के उद्यमी स्वतंत्र वीर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा प्रस्तुत यह बजट पूरे प्रदेशवासियों के लिए एक नए अवसर का सृजन करेगा। एक नई दिशा व दशा का निर्धारण करेगा। उद्योग,व्यापार को गति मिलेगी। प्रदेश में उद्यमियों के लिए अपार संभावनाओं का सृजन होगा। जो सभी के लिए हितकारी व कल्याणकारी होगा।
गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉक्टर महेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि यह बजट 2024 लोक सभा चुनाव में भाजपा के एजेंडे हिंदुत्व, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के साथ-साथ सामाजिक समीकरण साधने की दिशा देने वाला बजट है। इंफ्रास्ट्रक्चर को और सुदृढ़ बनाने के साथ उत्तर प्रदेश को 2017 से देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक राजधानी स्थापित करने की दिशा में लिए जा रहे कदमों को और मजबूत करेगा। अयोध्या, काशी, मथुरा, प्रयागराज कुम्भ के लिए बजट में दिल खोल कर आवंटन किया गया है।इसके साथ ही प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे एयरपोर्ट तथा एक्सप्रेस वे को गति देने के लिए जम कर वित्तीय प्रावधान किए गए हैं। दिलचस्प बात है कि 7.3 लाख करोड़ के बजट में करीब 24 हजार करोड़ की नई लोकमंगल की योजनाओं की घोषणा कर सरकार ने समाजिक सुरक्षा की अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है।सबसे महत्वपूर्ण बात कैपिटल एक्सपेंडिचर (पूंजीगत व्यय) में वृद्धि के बाद भी योगी सरकार ने वित्तीय अनुशासन को बनाये रहते हुए राजकोषीय घाटे को 3.43% पर ही रखा है।
मेडिकल कॉलेज के पूर्व सीएमएस डॉक्टर अशाेक कुमार ने कहा कि इस बजट से उत्तर प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही रोजगार व आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। हवाई सेवाओं में जो बढ़ोत्तरी की गयी है उससे एक नए संचार का सृजन होगा।












Click it and Unblock the Notifications