Gorakhpur Accident: गोरखपुर-कुशीनगर हाइवे पर खड़ी बस में तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, 6 यात्रियों की मौत
Gorakhpur Accident: गोरखपुर कुशीनगर हाईवे पर देर रात्रि में बस और ट्रक में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद रात में ही वहां आला अधिकारी पहुंचे। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मरने वालों में अधिकतर लोग कुशीनगर के हैं। उनके पास से मिले कागजात के आधार पर उनके परिजनों को भी पुलिस द्वारा सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद चारों तरफ लाशें और घायल होकर कर तड़प रहे लोग ही दिखाई दे रहे थे।

बताया जा रहा है कि गोरखपुर से कुशीनगर के बीच चलने वाली एक अनुबंधित बस गुरुवार को 30 से अधिक यात्रियों को बैठाकर कुशीनगर के पड़रौना जा रही थी। बस चालक यात्रियों को लेकर गोरखपुर कुशीनगर हाईवे पर जगदीशपुर के समीप पहुंचा था इसी दौरान बस की पहिया पंचर हो गई।
पंचर होने के बाद बस चालक ने बस को हाईवे के किनारे खड़ी कर दिया और यात्रियों को दूसरी बस में बैठाकर पड़रौना भेजने की तैयारी चल रही थी। अधिकतर यात्री दूसरी बस में बैठ गए थे लेकिन इसी बीच तेज रफ्तार की ट्रक वहां पहुंची और बस में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। उसके बाद चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोग वहां पहुंचे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने के साथ ही अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीन और लोगों की मौत हो गई थी। वहीं घायलों की संख्या अधिक होने के चलते उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती करने के साथ ही अलर्ट जारी करते हुए डॉक्टरों को बुला लिया गया। बताया जा रहा है कि दो दर्जन से अधिक लोग अभी घायल हैं, घायलों में कुछ लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
इन लोगों की हुई है मौत
मरने वालों में 24 वर्षीय हिमांशु यादव पुत्र बनारसी यादव, 25 वर्षीय नीतिश सिंह पुत्र अशोक सिंह, 35 वर्षीय सुरेश चौहान पुत्र जवाहर चौहान के अलावा तीन अन्य लोगों की मौत हुई है जिनकी अभी पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि करने वाले अधिकतर लोग कुशीनगर के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications