गोरखपुर: पूर्व विधायक विजय बहादुर के बिगड़े बोले, कहा- 'नगर आयुक्त की दाब देंगे गटई'
पूर्व विधायक के बिगड़े बोले, कहा-'नगर आयुक्त की दाब देंगे गटई'
गोरखपुर, 04 सितंबर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सपा नेता और पूर्व विधायक विजय बहादुर नगर आयुक्त की गर्दन दबाने की बात कह रहे हैं। दरअसल, पूर्व विधायक विजय बहादुर गुरुवार (02 सितंबर) को बांसडीह रेगुलेटर पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने वहां पर तैनात पंप ऑपरेटर से पंपों के संबंध में जानकारी मांगी थी।
Recommended Video

बता दें, विजय बहादुर यादव समाजवादी पार्टी के नेता है और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक रह चुके है। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ उनका यह वीडियो गुरुवार (02 सितंबर) का बताया जा रहा है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, गोरखनाथ क्षेत्र के ग्रीन सिटी इलाके में जलभराव की सूचना पर पूर्व विधायक गुरुवार शाम वहां पहुंचे थे। वहां उन्होंने पंप के आपरेटर को बुलाकर बात की। पूर्व विधायक ने पंप आपरेटर से पूछा, 'कोई दिक्कत, तुम्हारे सभी पंप वर्किंग कंडीशन में हैं, कोई खराब भी है।
इस पर पंप आपरेटर ने पूर्व विधायक को बताया कि एक पंप खराब है, लेकिन आज वह बन जाएगा। इस पर पूर्व विधायक कहा कि नगर आयुक्त को बता दो अगर काम ठीक से नहीं करेंगे तो गला दबा देंगे। पूर्व विधायक बोले, 'बहुत हो गया है, अब यह बर्दाश्त नहीं होगा कतई, रिपोर्टिंग करो अगर बात हो, हमारा नंबर ले लो, हमें बताना, हमें ऊपरी बताना तुम्हारा नाम हम गोपनीय रखेंगे। अगर नहीं ठीक करेंगे तो हम उनको ठीक कर देंगे, जनता डूब रही है और अधिकारी मजे ले रहे हैं।
दरअसल, ग्रीन सिटी इलाके में कई दिन से जलभराव है। तीन दिन पहले रेग्युलेटर के रास्ते रोहिन नदी का पानी ग्रीन सिटी में आने की अफवाह फैलने के बाद अफरातफरी मच गई थी। तब डीएम विजय किरन आनन्द भी मौके पर पहुंचे थे। जानकारी करने पर उन्हें पता चला कि रेग्युलेटर पंप के न चलने के कारण ग्रीन सिटी इलाके का पानी निकालने में समस्या आ रही है। जिसकी वजह से पानी वापस मोहल्लों में फैला गया। पानी वापस फैला तो लोगों ने समझ लिया कि बाढ़ का पानी घुस गया है।
हालांकि, नगर निगम का दावा है कि ग्रीन सिटी में चार पंप लगाकर पानी निकाला जा रहा है। बिजली कटने पर कोई दिक्कत न हो इसके लिए जेनरेटर की भी व्यवस्था की गई है। वहीं, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर उसकी सफाई भी सामने आई है। विधायक ने कहा
मेरे बोलने का मकसद यह कहना है कि नगर आयुक्त आम जनता का गला दबा रहे हैं। लोग परेशान हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। जनता को सुविधा मिलनी चाहिए। इसके लिए समाजवादी पार्टी लड़ाई लड़ेगी।
वहीं, दूसरी तरफ नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने कहा कि नगर निगम प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है। तीन सौ से ज्यादा पंपिंग सेट शहर में लगाकर पानी की निकासी कराई जा रही है। बसियाडीह में चार पंप चल रहे हैं। वायरल वीडियो के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications