पूर्व चुनाव आयुक्त की लापता बिल्ली के लिए गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर लगे पोस्टर, रातभर ढूंढती रही पुलिस
गोरखपुर। खबर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से है। यहां रेलवे स्टेशन की दीवारों पर लगा एक पोस्टर इन दिनों चर्चाओं में है। दरअसल, ये पोस्टर एक लापता बिल्ली को ढूंढने के लिए लगा गए हैं। तो वहीं, बिल्ली की तलाश में जीआरपी और रेलवे पुलिस खाक छान रहे हैं। यह बिल्ली कोई आम बिल्ली नहीं है, बल्कि भारत पूर्व चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी की पत्नी एवं नेपाल की पूर्व चुनाव आयुक्त इला शर्मा की पालतू बिल्ली हीवर है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के पूर्व चुनाव आयुक्त की पत्नी इला शर्मा बीते मंगलवार को नेपाल से गोरखपुर पहुंची थीं। इला को यहां से दिल्ली जाना था, लेकिन गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नम्बर 6 से उनकी बिल्ली हीवर ट्रेन से कूद गई और गायब हो गई। बिल्ली की तलाश में पूर्व महिला अधिकारी ने अपनी दोनों बेटियों के साथ काफी मशक्कत की लेकिन उनकी पालतू बिल्ली का पता नहीं चल पाया। अब उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर में जगह-जगह बिल्ली की फोटोयुक्त एक पोस्टर लगाया है, जिसमें लापता बिल्ली हिवर को खोजकर लाने वाले को 11 हजार रुपए का नकद इनाम देने की बात कही गई है।

बिल्ली को तलाशने के लगे जीआरपी और आरपीएफ के जवान
उधर, इला शर्मा की बिल्ली को ढूंढने के लिए गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर पूरी रात जीआरपी और आरपीएफ के जवान लगे रहे। लेकिन अभी तक बिल्ली की बरामदगी नहीं हो पाई है। आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश सिन्हा ने बताया कि बिल्ली की तलाश जारी है। उधर इला और उनके बच्चे अपनी खोई बिल्ली को लेकर काफी परेशान हैं।
नेपाल जाने का कार्यक्रम भी किया स्थगित
इला शर्मा ने बिल्ली गुम होने की वजह से वापस नेपाल जाने का कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया है। फिलहाल वो सर्किट हाउस में रूककर अपनी पालतू बिल्ली को पाने की कोशिश में जुटी हैं। साथ ही लोगों से बिल्ली को खोजने को लेकर पोस्टर जारी कर मदद की अपील भी की है।












Click it and Unblock the Notifications