DDU News: मुख्य नियंता पर हमला करने वालों पर विश्वविद्यालय प्रशासन करेगा यह बड़ी कार्रवाई
Gorakhpur News: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य नियंता तथा नियंता मंडल के शिक्षक सदस्यों पर जानलेवा हमला करने वाले एक छात्र संगठन से जुड़े छात्रों के खिलाफ विश्वविद्यालय प्रशासन सख्त कानूनी एवं अनुशासनात्मक कार्यवाही करने जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मेन गेट पर उग्र प्रदर्शन करने वाले कुछ छात्रों को चिन्हित कर लिया गया है जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी तथा उन्हें विश्वविद्यालय से निष्कासित भी किया जा रहा है। इसके साथ ही इन छात्रों को उकसाने वाले कुछ व्यक्तियों को भी चिन्हित किया गया है तथा उनके खिलाफ भी विश्वविद्यालय प्रशासन कार्यवाही कर रहा है।

विश्वविद्यालय प्रशासन सदैव छात्रों तथा छात्र संगठनों से मिलता रहता है और उनकी मांगों को गंभीरता से ले कर उन्हें पूरी करता है। आज के दिन छात्रों की कोई भी गंभीर मांग विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष लंबित नहीं है। ऐसे में छात्रों द्वारा उग्र प्रदर्शन, शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार करना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है जिसे बहुत ही गंभीरता से लिया गया है।
कुछ चिन्हित छात्र विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं। विश्वविद्यालय पहले छात्रों को समझाने का प्रयास करेगा यदि फिर भी विश्वविद्यालय के शैक्षणिक माहौल को बाधित करना जारी रहा तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कोई भी अधिकारी समूह में छात्रों से नहीं मिलेगा, यदि छात्रों की कोई समस्या है तो वे संबंधित अधिकारी को लिख सकते हैं। लेकिन उनको अपनी समस्या से सम्बंधित आवेदन एक दिन पूर्व देना पड़ेगा। यदि कोई आपातकालीन स्थिति हो तो छात्र किसी भी समय विश्वविद्यालय के किसी भी अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। इससे पहले भी कुछ छात्रों ने यूनिवर्सिटी के ताले तोड़े हैं और उनकी पहचान कर ली गई है, जरूरत पड़ी तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य नियंता ने कहा है कि बिना पहचान पत्र के विश्वविद्यालय परिसर तथा छात्रावास में किसी भी विद्यार्थी, शिक्षक तथा कर्मचारी को किसी भी हाल में प्रवेश नहीं दिया जायेगा। जिसके पास भी पहचान पत्र नहीं है वो नियंता कार्यालय से प्राप्त कर सकते है।












Click it and Unblock the Notifications