DDU University Gorakhpur: नैक मूल्यांकन को लेकर कुलपति ने दिए यह निर्देश
DDU University Gorakhpur Latest News Hindi Uttar Pradesh: दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन की अध्यक्षता में आज विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ नैक मूल्यांकन की आगामी साइकिल की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में कुलपति ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वर्ष 2024-25 का समस्त शैक्षणिक, शोध और सहगामी गतिविधियों से संबंधित डेटा जून 2025 तक संकलित कर लिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि नैक की आगामी मूल्यांकन साइकिल में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2024-25, 2025-26 तथा 2026-27 का विवरण सम्मिलित होगा। अतः प्रत्येक वर्ष का डेटा सुसंगत, पूर्ण और अद्यतन होना चाहिए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

प्रोफेसर टंडन ने निर्देश दिया कि 2024-25 सत्र में संचालित सभी वैल्यू एडेड कोर्सेज, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा प्राप्त पेटेंट एवं कॉपीराइट, उन्हें प्राप्त पुरस्कार/सम्मान, विभागीय प्लेसमेंट का विवरण, विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों की रिपोर्ट, शिक्षकों द्वारा प्रकाशित शोध पत्रों एवं पुस्तकों का विवरण, विद्यार्थियों की इंटर्नशिप की जानकारी, शोध परियोजनाएं तथा विभागीय वेबपेज का नियमित अद्यतन आदि सभी आवश्यक सूचनाएं यथाशीघ्र संकलित एवं संधारित की जाएं, क्योंकि ये सभी आंकड़े नैक मूल्यांकन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।












Click it and Unblock the Notifications