DDU University के छात्र ने बढ़ाया मान, हासिल की यह उपलब्धि
DDU University News Gorakhpur: 16 से 21 जुलाई 2025 तक रायपुर में आयोजित सीनियर नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र सनी सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) जीत लिया। सनी ने पूरे प्रदेश और विश्वविद्यालय को गौरवान्वित करते हुए अपने दमदार पंच और किक्स से पांच मुकाबलों में जीत दर्ज की।
इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में देशभर के 26 राज्यों की टीमों ने भाग लिया, जिसमें असम राइफल्स और अरुणाचल पुलिस जैसी विशिष्ट टीमें भी शामिल थीं। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सनी सिंह ने न सिर्फ अपना उत्कृष्ट खेल दिखाया, बल्कि गोरखपुर मंडल के एकमात्र खिलाड़ी के रूप में उपस्थिति दर्ज कराते हुए सम्मानजनक पदक हासिल किया।

गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने सनी की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा,
"सनी सिंह गोरखपुर विश्वविद्यालय के एक होनहार खिलाड़ी हैं, जो विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। यह हम सभी के लिए अत्यंत गर्व की बात है।"
इसके साथ ही विश्वविद्यालय की डीएसडब्ल्यू प्रो. अनुभूति दुबे और प्रो. राजवीर ने भी सनी को बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उनके कोच सनी निषाद ने अपने शिष्य की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया और आने वाले इंटरनेशनल स्तर की तैयारी के लिए उसे शुभकामनाएं दीं।
सनी सिंह के परिवार में भी इस उपलब्धि से उत्सव का माहौल है। परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें ढेरों बधाइयाँ दी हैं। उल्लेखनीय है कि सनी सिंह का चयन आगामी इंटरनेशनल किकबॉक्सिंग कैंप के लिए हो चुका है, जहाँ से उनका अंतिम चयन वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए होगा।
सनी के स्पॉन्सर ने भी उन्हें बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।
गोरखपुर और उत्तर प्रदेश में सनी सिंह की इस सफलता से उत्साह और गौरव की लहर है। किकबॉक्सिंग के इस जांबाज़ खिलाड़ी को भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ!












Click it and Unblock the Notifications