गोरखपुर दौरे पर सीएम योगी, बाढ़ प्रभावित लोगों को बांटी राहत सामग्री
गोरखपुर, 05 सितंबर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के दौरे पर हैं। रविवार को उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सीएम ने गोला ब्लॉक में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री बांटी। उन्होंने कहा कि गोरखपुर जिले में राप्ती नदी पूर्वी यूपी और नेपाल में भारी बारिश के कारण खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिले में बाढ़ के कारण लगभग 304 गांव और 2 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। प्रभावितों को राहत सामग्री दिलाने के लिए उन्होंने कई जगहों पर स्थिति की समीक्षा की है।

सीएम योगी ने कहा कि आपदा के कारण किसी की मृत्यु होती है तो मृतक के परिवार को 4 लाख रुपए की राशि, आपदा में डूबने और जहरीले जीव और जानवर के काटने से किसी की मृत्यु होती है तो उस परिवार के लिए 4 लाख रुपए की सहायता का प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ और भारी बारिश के कारण पक्का मकान ढह गया है तो उस परिवार को 95 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। बाढ़ के पानी के चपेट में आकर मकान नष्ट हो गया तो मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान उपलब्ध कराया जाएगा। कोई भी पीड़ित खुद को असहाय महसूस ना करे।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बाढ़ का कहर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिलों के दौरे पर निकले हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नभ, जल व थल तीनों मार्गों से बाढ़ की स्थिति जानने के लिए तूफानी दौरा किया। उन्होंने सिद्धार्थनगर, महराजगंज और गोरखपुर जिले में बाढ़ का हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण किया, राहत शिविरों में जाकर प्रभावितों से मिले तो वहीं सहजनवा के भुआ शहीद गांव में वह एनडीआरएफ के लाइफ बोट से पहुंचे। सहजनवा से सड़क मार्ग से बाढ़ का हाल जानते हुए गोरखपुर स्थित लालडिग्गी राहत शिविर आए, यहां से गोरखनाथ मंदिर तक सड़क मार्ग से जाते हुए शहरी क्षेत्र में भी जलभराव का जायजा लिया।












Click it and Unblock the Notifications