संचारी रोग नियंत्रण अभियान का सीएम योगी ने किया शुभारंभ, कहा- सहयोग से असाध्य रोग हो सकते हैं समाप्त
CM Yogi News Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बीआरडी मेडिकल कॉले गोरखपुर से रैली को हरी झंडी दिखाकर संचारी रोग नियंत्रण का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम ने डेंगू वार्ड का निरीक्षण भी किया। साथ ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन को कई आवश्यक निर्देश भी दिए।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की सर्वाधिक आबादी वाला राज्य है। इसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश इंसेफेलाइटिस से प्रभावित रहा है। 2017 से पहले बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इस मौसम में 500 से 600 मरीज भर्ती रहते थे। प्रतिवर्ष पूरे प्रदेश में 1200 से 1500 बच्चों की मौत इससे होती थी। अकेले बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 500 से 600 बच्चों की मृत्यु इंसेफेलाइटिस से होती थी। अब बीमारी और मौतों को संख्या इतिहास बनने वाली है।

उन्होंने कहा,सरकार ठान ले और लोग साथ दें तो असाध्य कही जाने वाली बीमारी को भी समाप्त होने में बहुत समय नहीं लगता है। इंसेफेलाइटिस इसका उदाहरण है। मध्य उत्तर के बरेली, बदायूं एवं उसके आसपास के क्षेत्र में डेंगू और मलेरिया तथा बुन्देलखण्ड चिकनगुनिया से ग्रस्त रहता था। फिरोजाबाद, मथुरा, आगरा, कानपुर, लखनऊ से लेकर वाराणसी तक डेंगू व्यापक रूप से प्रभावी था। वाराणसी से लेकर कुशीनगर के क्षेत्र तथा बिहार से सटे क्षेत्रों में कालाजार की बीमारी जन जीवन को प्रभावित करती थी। यह सब स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए चुनौती थी लेकिन जब अंतर विभागीय समन्वय से, स्वास्थ्य विभाग को नोडल एवं अन्य विभाग जैसे नगर निकाय, पंचायतीराज, महिला एवं बाल विकास तथा प्राथमिक शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन कल्याण विभाग आदि को जोड़कर कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ और सभी विभागों को उनके लक्ष्य देकर इसे आगे बढ़ाया गया तो परिणाम आज सबके सामने है।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी डॉक्टर धर्मेंद्र सिंह, सांसद कमलेश पासवान, सांसद रवि किशन, विधायक महेंद्र पाल सिंह, प्रदीप शुक्ला, भाजपा के जिला अध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष व पदाधिकारी मौजूद रहें।












Click it and Unblock the Notifications