मकर संक्रांति पर गोरखपुर आए सीएम योगी ने दलित कार्यकर्ता के घर जाकर खाया खाना
गोरखपुर, 14 जनवरी। उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनावी बिगुल बज चुका है। मतदान की तारीखों के ऐलान के साथ ही सभी पार्टियां उम्मीदवारों की बिसात बिछाने के साथ-साथ मतदाताओं को लुभाने में जुटी हैं। शुक्रवार को सत्ताधारी भाजपा के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गढ़ गोरखपुर में थे जहां उन्होंने पार्टी के दलित कार्यकर्ता के घर जाकर खाना खाया। गोरखपुर के दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने लोगों को मकर संक्रांति की बधाई दी और पार्टी कार्यकर्ता अमृतलाल भारती के घर जाकर भोजन किया।

मकर संक्रांति पर गुरु गोरक्षनाथ को सबसे पहली खिचड़ी चढ़ाने की परंपरा है। महंत सीएम योगी आदित्यनाथ ही गुरु गोरक्षनाथ को खिचड़ी चढ़ाते हैं। इसी सिलसिले में वे गोरखपुर आए। मकर संक्रांति के अवसर पर दलित के घर खाना खाने की परंपरा भी मठ में पिछले कई सालों से चली आ रही है। गुरु महंत अवैद्यनाथ के समय से चली आ रही इस परंपरा को निभाने के लिए सीएम योगी दलित अमृतलाल के घर गए और वहां खाना खाया। सीएम योगी ने खाने के लिए आमंत्रित करने के लिए दलित कार्यकर्ता को धन्यवाद दिया।
सीएम ने कहा कि समतामूलक भ्रष्टाचार मुक्त समाज और सुशासन भाजपा का मिशन है जिसको लेकर पार्टी आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान अपने कार्यकाल में किए गए कामों को भी दोहराया। उन्होंने डबल इंजन सरकार पर कहा कि केंद्र की योजनाओं का फायदा भी यूपी के परिवारों को मिला है। कहा कि गैस सिलेंडर, बिजली, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत योजना समेत अन्य योजनाओं का लाभ यूपी की जनता को मिला है। कोरोना काल के दौरान भी फ्री जांच, इलाज और राशन की व्यवस्था लोगों के लिए की गई। डबल इंजन सरकार के डबल डोज के तहत महीने में दो बार फ्री राशन दिया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। प्रदेश में 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को मतदान कराया जाएगा। 10 फरवरी को मतगणना के बाद पता चलेगा कि इस बार भाजपा सत्ता में वापस लौटेगी या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications