गोरखपुर में अखिलेश यादव की विजय यात्रा, जनसभा में कहा- यहीं से भाजपा का सफाया होगा
गोरखपुर, 13 नवंबर। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के चुनावी 'विजय यात्रा' पर हैं। 13 नवंबर को उन्होंने गोरखपुर में रोड शो किया और जनसभा को संबोधित किया। उनके रोड शो में समर्थकों की भारी भीड़ थी। गोरखपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि रैली में जनसमर्थन को देखकर लग रहा है किसी को बुखार चढ़ा होगा तो वो उतर जाएगा। कहा कि गोरखपुर की जनता इस बार भारतीय जनता पार्टी के अहंकार का बुखार उतारने का काम करेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को निराश किया। कहा कि यहीं से भाजपा का सफाया होगा।

अखिलेश यादव ने कहा भाजपा सरकार ने जनता से झूठे वादे किए। कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया लेकिन उल्टे महंगाई बढ़ा दी। भाजपा ने अन्नदाता का सबसे ज्यादा अपमान किया है। तीन कृषि कानूनों से कोई लाभ नहीं है, इससे खेती पर कब्जा हो जाएगा। कहा कि भाजपा के लोग कहते थे हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई जहाज से चलेगा। लोग हवाई जहाज पर नहीं चढ़ पाए लेकिन भाजपा ने पेट्रोल डीजल महंगा कर दिया, लोग मोटरसाइकिल से नहीं चल पा रहे हैं। नौजवानों को रोजगार देने के बदले भाजपा ने सरकारी संपत्तियों को बेच दिया। गोरखपुर का जिक्र करते हुए कहा कि बाबाजी के क्षेत्र का विकास नहीं हुआ, यहां सिर्फ नाव का विकास हुआ। बरसात में शहर पानी से भर जाता है। अखिलेश यादव ने जनता से समाजवादियों की मदद करने और भाजपा का सफाया करने की अपील की।

गोरखपुर सीट उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति में बहुत अहमियत रखता है। यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ माना जाता है। इस संसदीय सीट से योगी आदित्यनाथ पांच बार सांसद रहे थे। 2017 में जब योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे तो यह संसदीय सीट खाली हुई थी। 2018 में हुए उपचुनाव में सपा और निषाद पार्टी के गठबंधन में प्रवीण निषाद ने भाजपा प्रत्याशी को हरा दिया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर फिर से भाजपा का कब्जा हुआ और रवि किशन सांसद बने। गोरखपुर जिले में 9 विधानसभा सीट हैं- कैंपियरगंज, पिपराइच, गोरखपुर सदर, गोरखपुर ग्रामीण, सहजनवा, खजनी, चौरीचौरा, बांसगांव और चिल्लूपार। 2017 के विधानसभा चुनाव में आठ सीटों पर भाजपा की फतह हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications