गोरखपुर: प्यार में पागल प्रेमी ने लड़की पर चलाई गोली, बच गई तो फिर खुद को उड़ाया
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक तरफा प्यार में पागल युवक ने एक लड़की पर गोली चला दी। हालांकि लड़की बच गई, लेकिन युवक ने खुद को गोली से उड़ा लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया।

मामला गुलहरिया इलाके के सरहदी टिकरिया गांव का है। पुलिस के मुताबिक, संजीव जायसवाल (25) बेलीपार थाना क्षेत्र के महावीर छपरा गांव का रहने वाला है और सूरत में नौकरी करता है। संजीव अपने रिश्तेदार की एक लड़की से मोहब्बत कर बैठा। कुछ दिन पहले उसे पता चला कि लड़की की कहीं और शादी तय हो गई है। इसकी जानकारी होने पर 5 दिन पहले सूरत से संजीव घर वापस चला आया।
शुक्रवार की सुबह लड़की अपने मामा के घर गई हुई थी, इसी बीच इसकी भनक संजीव को लग गई और वह सीधे उसके घर पहुंच गया। लड़की को बुलाया और उस पर फायरिंग झोंक दी मगर लड़की झुक गई और बच गई। इसके बाद उसने खुद के सिर में गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अफसर भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस अभी यह भी जांच कर रही है कि संजीव के पास पिस्टल कहां से आई है।












Click it and Unblock the Notifications