गोरखपुर: 70 साल की वृद्धा की गला रेतकर हत्या, दो दिन पहले बीमारी से हुई थी पति की मौत
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में संपत्ति की लालच में अपनों ने ही एक वृद्धा को मौत के घाट उतार दिया। बुधवार की देर शाम 70 साल की वृद्धा की गला रेतकर हत्या कर दी गई। दो दिन पहले ही पति की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। मंगलवार को पति के शव का अंतिम संस्कार किया गया। ठीक उसके दूसरे दिन संपत्ति के लालच में करीबियों ने ही महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। दंपत्ति के कोई संतान नहीं रही है।

क्या है पूरा मामला?
चौरीचौरा के बंशहिया गांव में संपति की लालच में बादामी देवी (70) की गला रेत कर हत्या कर दी गई। मृतका के पति राम सिपाही यादव की 17 अगस्त को बीमारी से मौत हो गई थी। एसपी क्राइम अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि 18 अगस्त को राम सिपाही यादव की अंत्येष्टि हुई थी। इनके कोई संतान नहीं थी। मृतका के पति राम सिपाही यादव तीन भाईयों में दूसरे नंबर पर रहे हैं। बड़े भाई गामा यादव और छोटे भाई राजपति यादव हैं।
पुलिस कर रही जांच
एसपी क्राइम ने बताया कि कल देर शाम 8 बजे के करीब हत्या की सूचना मिली। ये गांव चौरीचौरा से 5 किमी की दूरी पर है। यहां पर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ये संपत्ति का मामला है। इसमें एफआईआर मिलते ही आगे की कार्रवाई करेंगे। इस मामले में राम सिपाही के भतीजे विनोद यादव को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications