UP GIS 2023: महराजगंज में होगा 2080 करोड़ रुपये का निवेश,176 प्रस्ताव प्राप्त
महराजगंज में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 व जिला निवेशक कुंभ का समापन रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ।

Mahrajganj News: महराजगंज में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 व जिला निवेशक कुंभ का समापन रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया,विधायक पनियरा ज्ञानेन्द्र सिंह मौजूद रहे।
विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के प्रयास से प्रदेश में निवेश हेतु बेहतर माहौल बना है। सीएम योगी ने जिस प्रकार प्रदेश को गुंडाराज मुक्त व भयमुक्त करने का कार्य किया है, उसका स्वागत दुनिया भर के लोग कर रहे हैं और निवेश के लिए प्रदेश में आ रहे हैं। आज प्रदेश में निवेश के लिए जापान, दक्षिण कोरिया, नीदरलैंड, अमेरिका सहित अनेक विकसित देशों के उद्यमी आ रहे हैं। इसी प्रकार जनपद में जनप्रतिनिधि हों या अधिकारी सभी उद्यमियों के सहयोग के लिए लगातार तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि निवेशकों के प्रयास से जनपद के विकास होगा और हमारे युवाओं के लिए रोजगार का अवसर सृजित होगा। इसके लिए सभी निवेशक बधाई के पात्र हैं।
विधायक पनियरा ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि निवेशक अपने पैसे के निवेश के लिए बेहतर वातावरण चाहता है। सीएम योगी के नेतृत्व में कानून व्यवस्था में जो गुणात्मक सुधार हुआ है, उसके कारण प्रदेश और देश के साथ-साथ विदेशों से भी निवेशक प्रदेश में निवेश के लिए उत्सुक हैं। हम लोगों को खुद सुखद आश्चर्य हुआ है कि महाराजगंज जैसे हमारे छोटे से जनपद में बड़े-बड़े निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में और योगी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश का औद्योगिक परिदृश्य बिल्कुल बदल गया है। आज प्रदेश औद्योगिकीकरण की राह पर बढ़ चुका है। हमारी सरकार का प्रयास है कि व्यापारियों और निवेशकों का उत्पीड़न ना होने पाए और उनको निवेश के लिए अनुकूल माहौल प्राप्त हो। केंद्र एवं प्रदेश दोनों सरकारों के प्रयास से देश व प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
अपर जिलाधिकारी डॉक्टर पंकज कुमार वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शासन द्वारा औद्योगिक नीतियों को निवेश उन्मुख बनाया है। निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से निवेश प्रक्रिया को सरल किया गया है। जिला प्रशासन भी निवेशकों के मदद के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ जनपद में रोजगार के अवसर सृजित होंगे, बल्कि पलायन जैसी समस्या भी कम होगी। इस दौरान उन्होंने खाड़ी देशों या अन्य जगहों पर कामगारों के साथ पेश आने वाली समस्याओं का भी जिक्र किया।
इससे पूर्व उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने विधायक सदर, विधायक पनियरा और एडीएम का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। उन्होंने बताया जनपद में 176 प्रस्तावों के 2080 करोड़ का निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। इनके माध्यम से जनपद में 11265 लोगों के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर और करीब 20 हजार अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
Recommended Video

इस अवसर पर सीओ ट्रैफिक सुनील दत्त दूबे, उपायुक्त वाणिज्य कर आर. पी. चौरसिया जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications