प्रेमी को पहले भिजवाया जेल फिर खाई साथ जीने मरने की कसम, पुलिस ने करवा दी दोनों की शादी
Gonda news, गोंडा। यूपी के गोंडा में रहने वाले एक युवक को अपने गांव की ही एक लड़की से प्यार हो गया। लड़की ने प्रेमी के खिलाफ थाने में तहरीर देकर उसे गिरफ्तार करवा दिया। मामले में ट्विस्ट तब आया जब प्रेमी जमानत पर छूटकर गांव पहुंचा और प्रेमिका उसके घर पहुंच गई और साथ जीने-मरने की कसमें खाते हुए शादी की बात कही। इसके बाद पुलिस ने अपनी मौजूदगी में दोनों की रजामंदी से मंदिर में शादी करवा दी।

दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
मामला मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कलेनिया के मजरे गोठिया गांव से जुड़ा है। 19 साल के अमित कुमार पुत्र राम बरन गांव की 19 साल की नीलू से प्यार करता था। दोनों के बीच दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब इसकी जानकारी लड़की के घरवालों को हुई तो लड़की पर दबाव डालकर लड़के के खिलाफ छेड़छाड़ समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करवा दी। इसके बाद पुलिस ने प्रेमी को पकड़कर जेल भेज दिया।

प्रेमी के जेल से छूटते ही उसके पास पहुंची प्रेमिका
अमित जमानत पर छूटने पर गांव आया था कि मंगलवार को प्रेमिका नीलू प्रेमी अमित के घर पहुंची और जीने मरने की कसम खाते हुए साथ रहने के लिए शादी की बात कही। हंगामा सुनकर गांववाले इकट्ठा हो गए और मामले की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने करवाई दोनों की शादी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों प्रेमी-प्रेमिका को कोतवाली ले गई। पुलिस ने दोनों के परिजनों को बुलाया, जो घंटों मान-मनौव्वल के बाद शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षो से लिखा-पढ़ी कर दोनों की मंदिर में शादी करा दी।












Click it and Unblock the Notifications