गोंडा: तालाब में डूबने से हुई पांच बच्चों की मौत, सीएम योगी ने व्यक्त किया गहरा दुख
गोंडा, जून 03: बड़ी खबर उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से है, यहां तालाब में डूबने से एक ही परिवार के पांच बच्चों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चे तालाब से मिट्टी निकालने के लिए गए थे। मिट्टी निकालने के दौरान वो तालाब में गिर गए और डूब गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को तालाब से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उधर, परिवारजन का रो-रोकर हाल बेहाल है और गांव में मातम छा गया है।

ये हादसा गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र की रसूलपुर ग्राम पंचायत के मिश्रौलिया गांव का है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, मिश्रौलिया गांव निवासी नरायन पांडेय के बच्चे चंचल, शिवाकांत, रागिनी, प्रकाशिनी व मुस्कान गुरुवार की सुबह करीब 10.30 बजे गांव के बगल स्थित तालाब से मिट्टी निकालने के लिए गए थे। इसी दौरान एक बच्चा फिसल कर तालाब में चला गया। उसे बचाने के लिए बारी-बारी से सभी तालाब में कूद गए। बता दें कि तालाब से थोड़ी दूर गांव के दो अन्य बच्चे भी खड़े थे। वो बच्चों को डूबता देख दोनों गांव की ओर भागे और परिवारजन को सूचना दी।
जब तक परिवारजन व ग्रामीण तालाब तक पहुंचते तब तक देर हो चुकी थी। तालाब में उतरकर पांचों बच्चों को बाहर निकाला गया। सभी का पेट दबाकर पानी निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन सभी बच्चों की मौत हो चुकी थी। इनमें अरविंद कुमार का आठ वर्षीय बेटा आदित्य उर्फ चंचल, छह वर्षीय बेटा शिवाकांत, सुरेंद्र कुमार की आठ वर्षीया बेटी रागिनी, दस वर्षीया बेटी प्रकाशिनी व वीरेंद्र की 14 वर्षीय बेटी मुस्कान शामिल हैं। बच्चों को बचाने के प्रयास में अजय पांडेय भी डूब गया था, लेकिन उसे निकाल लिया गया। उसका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों की सूचना पर एसडीएम मनकापुर हीरालाल, क्षेत्राधिकारी संजय तलवार, एसओ खोड़ारे महेंद्र सिंह व एसओ छपिया राकेश सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे गए। वहीं, इस हादसे से परिवार व गांव में कोहराम मच गया है। इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। साथ ही शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है।












Click it and Unblock the Notifications