गोंडा में पुजारी को गोली मारने की घटना को मायावती ने बताया अतिशर्मनाक, कहा- संत की सरकार में संत भी सुरक्षित नहीं
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा में मंदिर और आश्रम की 120 बीघे की जमीन पर कब्जे को लेकर पुजारी को गोली मारने की घटना को बसपा सुप्रीमो मायावती ने अतिशर्मनाक बताया है और योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि संत की सरकार में अब संत भी सुरक्षित नहीं है। मायावती ने कहा कि सरकार को इस घटना को गंभीरता से लेना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। गोंडा में हुई इस घटना के बाद इटियाथोक थाने के इंचार्ज संदीप सिंह को लाइन हाजिर किया गया है और उनका प्रभार धानेपुर पुलिस थाने के इंचार्ज संजय दुबे को सौंप दिया गया है।
Recommended Video


बसपा चीफ मायावती ने ट्विटर पर लिखा कि राजस्थान की तरह यूपी के गोण्डा जिले में मन्दिर के पुजारी पर भू-माफियाओं द्वारा मन्दिर की जमीन पर कब्जा करने के इरादे से किया गया जानलेवा हमला अति-शर्मनाक अर्थात् सन्त की सरकार में अब सन्त भी सुरक्षित नहीं। इससे खराब कानून-व्यवस्था की स्थिति और क्या हो सकती है? यूपी की सरकार इस मामले में सभी पहलुओं का गम्भीरता से संज्ञान लेकर दोषियों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करे तथा इस घटना से जुडे़ सभी भू-माफियाओं की सम्पत्ति भी जरूर जब्त की जाये। साथ ही, साधु-सन्तों की सुरक्षा भी बढ़ाई जाये।

इटियाथोक थाना के तिर्रेमनोरमा गांव में उद्दालक मुनि आश्रम और श्रीराम जानकी मंदिर की जमीन 120 बीघे की है। इसको कब्जा करने के मकसद से शनिवार रात को दबंगों ने मंदिर के पुजारी अतुल बाबा उर्फ सम्राट दास को गोली मार दी। पुजारी को गंभीर हालत में लखनऊ अस्पताल ले जाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। पुजारी को गोली मारने के बाद दबंग वहां से फरार हो गए। इस केस में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मंदिर के महंत ने ग्राम प्रधान समेत अन्य लोगों पर मंदिर की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस जांच-पड़ताल कर आरोपियों की तलाश कर रही है। अयोध्या में तपस्वी छावनी के महंत परमहंस दास ने भी इस घटना पर कहा है कि दुर्भाग्य है कि एक संत के मुख्यमंत्री होने के बाद भी संत पर गोली चली है।












Click it and Unblock the Notifications