गोवा में बोलीं ममता बनर्जी, कहा- जो भी बीजेपी को हराना चाहता है, वो करें हमारा समर्थन
पणजी, 13 दिसंबर: गोवा में आगामी विधानसभा चुनावी की तैयारियां जोरों पर है। आम आदमी पार्टी से लेकर तृणमूल कांग्रेस तक सत्ताधारी पार्टी बीजेपी को टक्कर देने के लिए अपनी रणनीति बना रही है। इस बीच सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने गोवा की राजधानी पणजी में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान ममता बनर्जी ने दावा करते हुए कहा कि गोवा चुनाव टीएमसी जीतेगी। साथ ही अपील करते हुए कहा कि जो लोग भी बीजेपी को हराना चाहते हैं, उन्हें हमारा समर्थन करना चाहिए।

हम बीजेपी से लड़ते हैं- ममता
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि टीएमसी 'मंदिर-मस्जिद-चर्च' है। हम बीजेपी से लड़ते हैं। क्या जीतने का मौका है? क्या आपको विश्वास है कि हम जीत सकते हैं? अगर आपमें आत्मविश्वास है तो एक कदम पीछे ना हटें आगे आएं।
'हम लड़ेंगे और मरेंगे लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे'
उन्होंने आगे कहा कि हम यहां वोट बंटवारे के लिए नहीं बल्कि वोटों को एकजुट करने और टीएमसी गठबंधन को जीत दिलाने के लिए हैं। यह भाजपा का विकल्प है। अगर कोई इसका समर्थन करना चाहता है, तो निर्णय लेना उनके ऊपर है, हमने पहले ही निर्णय ले लिया है। हम लड़ेंगे और मरेंगे लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे। ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी ने राज्य को नियंत्रित करने या मुख्यमंत्री बनने के लिए नहीं, बल्कि अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए गोवा के लोगों की मदद करने के लिए चुनावी मैदान में प्रवेश किया है।
ममता ने किया जीत का दावा
बता दें कि तृणमूल कांग्रेस ने राज्य के सबसे पुराने क्षेत्रीय संगठन महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के साथ अगले साल की शुरुआत में 40 विधानसभा सीटों पर होने वाले गोवा चुनावा से पहले ही गठबंधन कर लिया है। दो दिन गोवा के दौरे पर आई ममता बनर्जी ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी एमजीपी के साथ चुनाव जीतेगी।












Click it and Unblock the Notifications