पू्र्व CM और कांग्रेस विधायक रवि नाइक ने पद से दिया इस्तीफा, कहा- आपको बताऊंगा कि आगे की योजना क्या है
पणजी। गोवा में होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के विधायक रवि नाइक ने मंगलवार को राज्य विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक वो भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि रवि नाइक ने अभी इसकी घोषणा नहीं की है। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक से पूर्व अक्टूबर में गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री लुइजिन्हो फलेरियो ने कांग्रेस विधायक के रूप में इस्तीफा दे दिया था और बाद में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया था। बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक के इस्तीफे के बाद 40 सदस्यीय राज्य विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या घटकर तीन हो गई है।

रवि नाइक पोंडा सीट से विधायक हैं, उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष राजेश पाटनेकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उनके साथ उनके दो बेटे भी थे, जो पिछले वर्ष भाजपा में चले गए। रवि नाइक ने इस्तीफा सौंपने के बाद मीडिया से बात करते हुए बताया कि मैं आपको बताऊंगा कि आगे की योजना क्या है। सूत्रों के मुताबिक नाइक के पार्टी के गोवा चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में भाजपा में शामिल होने की उम्मीद है।
साल 2017 के राज्य विधानसभा चुनावों में कांग्रेस 17 सीटों जीतकर बड़ी पार्टी बनी। हालांकि 13 सीट जीतने वाले भाजपा ने गोवा में सरकार बनाने के लिए कुछ क्षेत्रीय संगठनों और निर्दलीय उम्मीदवारों के साथ गठबंधन कर लिया। साल 2017 के बाद वालपोई से विधायक विश्वजीत राणे ने पार्टी में पहला इस्तीफा दिया था। फिर वह भाजपा में शामिल हो गए और उपचुनाव में जीत हासिल कर ली। राणे इस वक्त प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री हैं।












Click it and Unblock the Notifications