'गोवा के लोगों को आराम की आदत छोड़नी होगी', युवाओं को सलाह देकर विपक्ष के निशाने पर आए CM सावंत, जानें मामला
CM Pramod Sawant: 'गोवा के लोगों को आराम की आदत छोड़नी होगी', यह बात मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा। गोवा के सीएम प्रमोद सावंत (CM Pramod Sawant) ने कहा कि गोवा के लोगों को अपनी "आरामप्रिय" मानसिकता छोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह सोच पुर्तगाली शासन के दौरान शुरू हुई और अब यह हमारी आदत बन चुकी है।
सीएम सावंत (CM Pramod Sawant) ने कहा, "हम खुद को 'सुशेगाद' कहकर गर्व महसूस करते हैं। हमारी दुकानें सुबह 9 बजे खुलती हैं, दोपहर 12:30 बजे बंद हो जाती हैं और फिर शाम को जल्दी बंद कर दी जाती हैं। यह आदत हमें आलसी बना रही है।"

दरअसल, मुख्यमंत्री ने राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि गोवा के लोगों को ज्यादा मेहनत और सक्रियता दिखानी चाहिए। जब हम व्यस्त रहते हैं, तो जीवन आसान लगता है। लेकिन जब हम आलसी होते हैं, तो कुछ भी आसान नहीं लगता।
काम के मौकों का फायदा नहीं उठाते गोवावासी
सीएम सावंत (CM Pramod Sawant) ने यह भी कहा कि गोवा के लोग राज्य में मौजूद रोजगार के अवसरों का पूरा लाभ नहीं उठा रहे हैं। इसके चलते अन्य राज्यों से आए लोग इन मौकों का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैंने देखा है कि अन्य राज्यों के लोग गोवा में एनजीओ और अन्य क्षेत्रों में काम कर रहे हैं, लेकिन हम इस बारे में सोच भी नहीं रहे। सरकार मदद के लिए योजनाएं लेकर आई है। आप एनजीओ शुरू करके भी अच्छा काम कर सकते हैं।"
युवाओं को सीएम सावंत की सलाह
सावंत ने (CM Pramod Sawant) कहा कि वे ग्रेजुएट्स को देखकर निराश होते हैं, जो बड़ी डिग्रियों के बावजूद छोटी नौकरियों के लिए आवेदन करते हैं। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे खुद को बेहतर बनाने पर ध्यान दें और उपलब्ध मौकों का फायदा उठाएं। उन्होंने कहा, "आज जो अवसर हैं, वे अगले 10 साल में नहीं मिलेंगे। इसलिए अभी से काम शुरू करें।"
ये भी पढ़ें: Goa: गोवा सरकार ने विभाग प्रमुखों के लिए मन की बात सुनना किया अनिवार्य, जानिए क्या है आदेश
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनके अच्छे कामों की वजह से कांग्रेस के 10 विधायक बीजेपी में शामिल हुए। उन्होंने कहा, "लोग भले ही कहें कि हमने कांग्रेस तोड़ी, लेकिन ऐसा मेरे अच्छे गुणों के कारण हुआ।" सावंत की मानें तो गोवा के लोगों को अपनी सोच और आदतों को बदलकर राज्य और देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
बयान देकर विपक्ष के निशाने पर आए सीएम सावंत
इधर, सीएम के बयान के बाद विपक्ष उनकी आलोचना भी कर रहा है। गोवा AAP के अध्यक्ष अमित पालेकर ने एक्स पोस्ट के जरिए निशाना साधा, उन्होंने पोस्ट में लिखा कि गोवा के लोग आलसी नहीं हैं, बीजेपी आलसी है, क्योंकि वे नए स्थायी उद्योग लाकर नई नौकरियां पैदा करने में सक्षम नहीं हैं। फिर भी गोवा के युवाओं ने अपनी मेहनत और संसाधनों के ज़रिए देश के बाकी हिस्सों के लिए एक मिसाल कायम की है। कल्पना कीजिए कि अगर हमारे पास बेहतर सरकार होती तो क्या होता?












Click it and Unblock the Notifications