गाजीपुर: बाल कटवाने गए युवक के पेट में कैंची घोंपकर हत्या, नाई फरार
गाजीपुर, 27 अगस्त: यूपी के गाजीपुर में बाल कटवाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की कैंची घोंपकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य शख्स हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी नाई मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस फरार आरोपी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नाई ने युवकों के पेट में घोंपी कैंची
भांवरकोल थानाक्षेत्र के पखनपुरा गांव में बाल कटवाने की दुकान पर नाई और स्थानीय युवकों में झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि नाई आमिर ने 16 वर्षीय वारिस और सैफ पर बाल काटने वाली कैंची से हमला बोल दिया। वारिस और सैफ के पेट में कैंची लगी थी। वारिस को स्थानीय मोहम्दाबाद समुदायिक केंद्र पर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल सैफ को जिला अस्पताल गाजीपुर में भर्ती कराया गया, जहां से उसे वाराणसी रेफर किया गया। सैफ की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद आरोपी नाई फरार हो गया। गाजीपुर के एसपी घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। एसपी गाजीपुर डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने इस वारदात को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications