गाजियाबाद: पत्नी ने 9वीं मंजिल से लगाई छलांग, फिल्मी स्टाइल में पति ने पकड़ा हाथ, लेकिन...
गाजियाबाद, 15 जुलाई: यूपी के गाजियाबाद में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। विजयनगर के क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित सेवियर सोसायटी में रहने वाली एक महिला ने पति से विवाद के बाद 9वीं मंजिल से छलांग लगा दी, लेकिन फिल्मी स्टाइल में पति ने समय रहते उसका हाथ पकड़ लिया। हालांकि, बहुत देर तक वह पत्नी को नहीं पकड़ सका। हाथ छूटने से महिला नीचे आ गिरी। सोसायटी में रहने वाले लोगों ने नीचे गद्दे लगा लिए थे, लेकिन इसके बावजूद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

आपसी विवाद के बाद महिला ने उठाया कदम
सीओ प्रथम महीपाल सिंह ने बताया कि विजयनगर के क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित सेवियर सोसायटी की 9वीं मंजिल के फ्लैट नंबर 903 में फराज हसन पत्नी सादिया के साथ रहते हैं। मंगलवार शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि सादिया कमरा खोलकर रेलिंग की तरफ दौड़ी और छलांग लगा दी।
हाथ छूटने पर गिरी महिला
पीछे-पीछे दौड़े पति ने सादिया को रेलिंग से पकड़ लिया और शोर मचा दिया। सादिया को रेलिंग से लटका देख सोसायटी में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लोगों ने जमीन पर गद्दे बिछा दिए। तीन मिनट तक फराज हसन पत्नी को पकड़े रहे, लेकिन हाथ छूटने से सादिया नीचे आ गिरी। पुलिस का कहना है कि गद्दों पर गिरने के बावजूद सादिया गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उन्हें नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें, पूरी घटना का दूसरी सोसायटी में रहने वाले किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया। बुधवार को सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी हुई। पुलिस ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी की। सीओ प्रथम का घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications