वैष्णो देवी के लिए हेलीकॉप्टर टिकट की ऑनलाइन बुकिंग में बरतें सावधानी, फर्जी टिकट बनाकर ठगी के बढ़े मामले
गाजियाबाद, 8 दिसंबर। वैष्णो देवी की यात्रा पर जाने के लिए हेलीकॉप्टर का ऑनलाइन टिकट बुक कराने की भी सुविधा दी गई है। लेकिन अब साइबर ठग फर्जी टिकट बनाकर इसका फायदा उठाने में लगे हैं। वैष्णो देवी जाने के लिए ऑनलाइन हेलीकॉप्टर टिकट बुक कराने में फर्जीवाड़े की सात घटनाएं गाजियाबाद में हो चुकी हैं। ठग फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों से पैसे ऐंठने में लगे हैं। शहर के सिहानी गेट क्षेत्र के लोहिया नगर निवासी ने अपने साथ हुई ठगी की शिकायत पुलिस से की है। साइबर सेल में मिली शिकायत के आधार पर फिलहाल पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट नंबर समेत अन्य जानकारियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

गाजियाबाद से आए ठगी के मामले
मिली जानकारी के मुताबिक, लोहिया नगर निवासी दिनेश ने गाजियाबाद साइबर सेल में शिकायत दी है कि उसके परिवार के चार लोगों ने वैष्णो देवी यात्रा की प्लानिंग की थी। कटरा से सांझी छत जाने के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुक कराना चाहते थे। श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की वेबसाइट से पता चला कि सारी टिकटें पहले से बुक हैं। इसके बाद एक दोस्त की सलाह पर उनके बेटे ने दूसरी साइट से टिकट बुक कराने का फैसला लिया। सर्च करने पर एक वेबसाइट मिली तो उस पर चार टिकट बुक कराने के लिए अप्लाई किया। उधर से कॉल आया कि 13 दिसंबर को सुबह में जाने वाले हेलीकॉप्टर के टिकट उपलब्ध हैं।

पैसे लेकर भेजे फर्जी टिकट
दिनेश ने पुलिस को बताया कि कॉलर ने चार टिकट बुक कराने के लिए परिजनों के आधार कार्ड और कोरोना टीकाकरण के सर्टिफिकेट भेजने को कहा। बेटे ने दोनों दस्तावेज भेज दिए जिसके बाद एडवांस में पैसे मांगे गए। कटरा से सांझी छत जाने के लिए टिकट बुक कराने को कहा गया था। लेकिन पैसे भेजने के बाद वाट्सएप पर सांझी छत से कटरा जाने का टिकट भेज दिया गया। उसको ठीक कराने को कहा गया तो चारों टिकटों के पैसे मांगे गए। कॉलर ने कहा कि पैसे मिलने के बाद ही टिकट को सही किया जाएगा। चारों टिकट के पैसे कॉलर के बताए अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया जिसके बाद उसने नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद महसूस हुआ कि हम ठगी का शिकार हो गए हैं। साइबर सेल को मिली शिकायत पर प्रभारी सुमित कुमार ने कहा है कि ठगों की तलाश की जा रही है।

कैसे करें टिकट बुक
श्रद्धालु हेलीकॉप्टर टिकट श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://www.maavaishnodevi.org/ से ही बुक कराएं। कटरा से सांझी छत तक एक तरफ का किराया 1730 रु और दोनों तरफ का किराया 3460 रु है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग 60 दिन पहले से कर सकते हैं। दो साल से कम उम्र के बच्चों के टिकट नहीं लगते हैं। हेलीकॉप्टर सेवा सुबह 8.30 बजे से शुरू होती है और हर 20 मिनट पर हेलीकॉप्टर है। शाम में करीब सात बजे तक हेलीकॉप्टर उड़ान भरते हैं। आधिकारिक वेबसाइट से टिकट बुक कराकर ठगी से बचें।












Click it and Unblock the Notifications