यूपी के गाजियाबाद में मिला Coronavirus का एक और केस, मरीजों की संख्या बढ़कर हुई 30
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में कोरोना वायरस का एक पॉजिटिव केस मिला है। यह व्यक्ति हाल ही में ईरान से वापस लौटा था। बता दें कि गाजियाबाद के एक व्यक्ति का टेस्ट पॉजिटिव आने के साथ ही देश में कोरोना वायरस से कुल संक्रमित लोगों की संख्या 30 हो गई है। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कोरोना वायरस को लेकर राज्यसभा में बयान दिया। उन्होंने बताया कि 4 मार्च तक देश में कोरोना वायरस के 29 पॉजिटिव केस सामने आए हैं और इन सभी को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
Recommended Video

कोरोना वायरस के दो संदिग्ध मरीजों को दिल्ली के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पहला केस गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में सामने आया था। यहां तीन दिन पहले एक युवक पार्टी में आया था, जिसमें कोरोना के लक्षण पाए जाने पर उसे दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दूसरा केस इंदिरापुरम इलाके का है। यहां भी एक संदिग्ध मरीज को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि कविनगर इलाके में एक संदिग्ध मरीज को घर में ही उच्च निगरानी में रखा गया है।
इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने 29 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमण की चपेट में आने की जानकारी दी थी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इटली से आए पर्यटक कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। मैं रोजाना स्थिति की समीक्षा कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि मंत्रियों का एक ग्रुप भी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 4 मार्च तक कुल 28529 व्यक्तियों को सामुदायिक निगरानी में लाया गया और उनकी निगरानी की जा रही है। डॉ. हर्षवर्धन लोकसभा में भी कोरोना वायरस को लेकर केंद्र द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि 4 मार्च तक 6 लाख 11 हजार 176 यात्रियों की अलग-अलग जगहों पर स्क्रीनिंग की जा चुकी है। साथ ही उन्होंने बताया कि इसकी जांच के लिए 15 लैब बनाए गए हैं, जबकि 19 लैब और तैयार किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications