जहां 5 लाख मतों से जीते थे मोदी, वहां अब नाराज लोग बोले- वोट मांगने वालों को जूतों का हार पहनाएंगे
Gujarat News, गांधीनगर। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में जिस सीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 लाख से भी ज्यादा वोटों से जीते थे, इस बार वहां के लोग राजनेताओं से खास नाराज हैं। जी हां, वडोदरा शहर की विश्वामित्री रेलवे स्टेशन सोसायटी के सिटीजंस इस बार वोट देने की मूड में नहीं हैं। उनका कहना है कि जो उनके इलाके में वोट मांगने आएंगे, उनका अपमान किया जाएगा। यहां तक कि नेता को जूतों का हार भी पहना सकते हैं।

बता दें कि, आगामी लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से तो दुबारा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है, मगर वडोदरा सीट पर भाजपा अभी प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई। ऐसे में जिस इलाके के लोगों को शिकायते हैं, वे खासे नाराज देखे जा रहे हैं। एक शहरवासी रहीश आगेवान के कहा, वोट मांगने आये उम्मीदवार या उनकी पार्टी के जो भी नेता हमारे इलाके में आयेंगे, जूतों के साथ स्वागत किया जायेगा।
हालांकि, यहां लोगों ने कांग्रेस-भाजपा के किसी नेता का नाम नहीं लिया, बल्कि इतना कहा है कि सियासी दलों का विरोध किया जाएगा। इस इलाके में 500 से ज्यादा मकान हैं। तमाम लोगों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। सोसायटी के प्रवेश द्वार पर बैनर और पोस्टर्स लगाये हैं। बैनर्स में लिखा है कि हम लोग लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करते हैं। कोई भी पार्टी के उम्मीदवार को हम वोट नहीं करेंगे।

रेलवे स्टेशन के पास सुभाषनगर और महाकाली नगर में रहने वाले निवासियों ने अकोटा क्षेत्र के विधायक और शहर के सांसद को थप्पड मार दिया। उन्होंने कहा कि, हमारे विधायक और सांसद पिछले पांच वर्षो से हमें कभी मिलने नहीं आये। विश्वामित्री रेलवे स्टेशन के पास पुल बन रहा है। पुल बनाने का काम शुरू किया तब सुभाषनगर और महाकाली नगर में रहने वालों के घर तोड़ दिये थे। पुल के लिये की गई तोड-फोड के बाद ये सभी परिवार बेघर हो चुके थे।
इस इलाके के राहुल ने अपना गुस्सा व्यक्त करते हुए कहा कि जो नेता लोकसभा चुनाव के लिए वोट मांगेगा, उसका स्वागत पुष्पमाला पहनाकर नहीं, जूतों का हार पहनाकर किया जायेगा। उन्होंने कहा कि उनके इलाके के विधायक और सांसद को फुरसत नहीं है कि आकर समस्याओं को सुनें और उनके प्रति अपनी संवेदना प्रकट करें।

गुजरात में संभवत: पहली बार एसा हो रहा है कि मतदाताओं में इतना गुस्सा है जो जूतों के हार से राजनेता का स्वागत करने की बातें कह रहे हैं। अकोटा के विधायक सौरभ पटेल हैं, जो राज्य में उर्जा मंत्री है। वडोदरा की सांसद रंजनबहन भट्ट हैं। आरोप हैं कि दोनों प्रतिनिधिओं ने इस इलाके के लोगों से आकर बात नहीं की। ऐसे में ये लोग नाराज चल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications