गुजरात में BJP कार्यकर्ताओं से बोले केजरीवाल- पार्टी मत छोड़ो लेकिन अंदरखाने हमारे लिए काम करो
गांधीनगर। आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने गुजरात दौरे के अंतिम दिन भाजपा कार्यकर्ताओं का जिक्र किया। केजरीवाल ने गुजरात में भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे भगवा पार्टी नहीं छोड़ें, बल्कि अपनी आम आदमी पार्टी के लिए 'अंदर से' काम करें। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को भाजपा से 'पेमेंट' मिलता रहना चाहिए, लेकिन 'अंदर से' उन्हें 'आप' के लिए काम करना चाहिए।
Recommended Video

सीधे शब्दों में केजरीवाल के इस बयान का आशय इससे था कि, जिन भाजपाइयों की आम आदमी पार्टी (आप) या केजरीवाल के प्रति सुहानुभूति है, उन्हें केजरीवाल समझा रहे थे कि वे भले ही भाजपा में रहें लेकिन अंदरखाने आम आदमी पार्टी (आप) के लिए काम करें।
गुजरात में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, राज्य में उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके द्वारा लोगों से किए गए वादे से लाभ होगा।

'भाजपा ने सेवा के बदले उन्हें क्या दिया'
आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, "हम भाजपा नेताओं को नहीं चाहते हैं। भाजपा अपने नेताओं को रख सकती है। भाजपा के 'पन्ना प्रमुख', गांवों, बूथों और तालुकाओं के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में हमारे साथ जुड़ रहे हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि भाजपा ने उनकी सेवा के बदले उन्हें क्या दिया...? जो इतने सालों के बाद भी पार्टी में हो, "
केजरीवाल बोले कि, "आप (भाजपा कार्यकर्ता) उस पार्टी में रह सकते हैं लेकिन हमारे लिए काम कर सकते हैं। मुझे पता है कि आपमें से कई को (बीजेपी द्वारा) पेमेंट दिया जाता है, इसलिए मेरा कहना है कि आप पैसा वहां से लें लेकिन हमारे लिए काम करें, क्योंकि हमारे पास पैसा नहीं है।"

हम मुफ्त बिजली देंगे: केजरीवाल
केजरीवाल ने इसके बाद अच्छी गुणवत्ता वाली शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और मुफ्त बिजली देने का वादा किया और कहा कि भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को ये सुविधाएं नहीं दीं, लेकिन आप देगी। उन्होंने कहा, "जब हम सरकार बनाएंगे, तब हम मुफ्त बिजली देंगे, और यह घोषणा आपके घरों पर भी लागू होगी। हम आपको 24 घंटे मुफ्त बिजली देंगे, और आपके बच्चों के लिए अच्छे स्कूल बनाएंगे जहाँ उन्हें मुफ्त शिक्षा मिलेगी। हम आपके परिवार के सदस्यों के लिए मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करेगा और आपके परिवार में महिलाओं को (भत्ते के रूप में) 1,000 रुपये मिलेंगे।,"

फिर गुजरात आएंगे
चुनाव वाले गुजरात दौरे के अंतिम दिन दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने लिए काम करने की अपील की तो तालियां बजने लगीं। अब कुछ दिनों बाद केजरीवाल फिर गुजरात आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications