बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसल के लिए किसानों को 700 करोड़ की मदद देगी गुजरात सरकार
गांधीनगर। बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसल के लिए किसानों को गुजरात सरकार 700 करोड़ की मदद देगी। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की अगुवाई में हुई राज्य कैबिनेट की मीटिंग के बाद गुरुवार को इस पैकेज की घोषणा की गई। उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने बताया कि केन्द्र सरकार के आपदा राहत फंड के दिशा-निर्देशों के तहत 33 फीसदी से ज्यादा फसलों के नुकसान होने पर सिंचाई की सुविधा वाली फसलों के लिए प्रति हेक्टेयर 13500 रुपए तथा गैर सिंचाई वाली फसलों के लिए प्रति हेक्टर 6800 रुपए की मदद देने का फैसला किया गया है। वहीं, किसानों को 6800 या 13500 रुपए ही दिए जाने की घोषणा पर कांग्रेस तंज कसा है। हार्दिक पटेल जैसे कई नेताओं ने इस पैकेज को किसानों का मजाक बताया।

अक्टूबर-नवम्बर की बारिश में ज्यादा फसलें खराब हुईं
बकौल नितिन पटेल, ''राज्य में इस वर्ष जुलाई से सितम्बर महीने के दौरान भारी बारिश और इसके बाद अक्टूबर महीने के अंत और नवम्बर महीने के पहले सप्ताह में बारिश के कारण किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है। इसे लेकर राज्य सरकार ने सर्वेक्षण का कार्य आरंभ किया गया, जो खत्म होने को है। बेमौसम बारिश से राज्य में कपास, मूंगफली, धान सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है।''

इन किसानों को मिलेगा पैकेज का लाभ
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पैकेज का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनके खेतों में 33 फीसदी से ज्यादा फसल को नुकसान हुआ हो। प्रति हेक्टर 13,500 रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। सरकार की इस घोषणा से सूबे के 2 लाख से ज्यादा किसानों को मदद मिलेगी।

कांग्रेस की प्रतिक्रिया- किसानों का मजाक उड़ा रहे हैं
सरकार के इस पैकेज पर विपक्ष नेता परेश धानाणी का कहना है कि, राज्य में तकरीबन 50 लाख किसान हैं और बेमौसम बारिश से तकरीबन 25 हजार करोड़ का नुकसान हुआ है। ऐसे में राज्य सरकार द्वारा घोषित 700 करोड़ रुपये के पैकेज से किसानों को करीब 1-1 हजार रुपये मिलेंगे। यह तो मजाक हुआ।












Click it and Unblock the Notifications