लोकसभा चुनाव 2019: गुजरात में प्रत्याशियों के नॉमिनेशन शुरू, जुलूस या रैली करने पर रोक
Gujarat News,गांधीनगर। गुजरात में 26 लोकसभा और 5 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होनी है, जिसकी अधिसूचना जारी हो चुकी है। आज से नामांकन पत्र भी दाखिल होने शुरू हो गए हैं। चुनाव आयोग ने नामांकन पत्र भी दाखिल करने की अंतिम तारीख 4 अप्रैल बताई है। ऐसे में राज्य के दो मुख्य सियासी दल कांग्रेस और भाजपा तेजी से अपने शेष उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं।

पांच विधानसभा सीटों पर भी होगी वोटिंग
राज्य में लोकसभा के साथ पांच विधानसभा सीटों के उपचुनाव होने हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने की तारीख और मतदान की तारीख दोनों के लिए एक समान रखी गयी है। राज्य में 26 लोकसभा सीट के अनुसार 639 स्टैटिक सर्विलांस टीम और फ्लाइंग स्क्वायड को शुरू किया गया है।

जुलूस या रैली लेकर नहीं पहुंच सकते उम्मीदवार
नामांकन फॉर्म भरते समय चुनाव अधिकारी कार्यालय के 100 मीटर क्षेत्र में उम्मीदवार के वाहन सहित केवल तीन वाहन लाए जा सकेंगे। इतना ही नहीं, उम्मीदवार सहित केवल पांच व्यक्तियों को अधिकारी के कार्यालय में उपस्थित होने की अनुमति दी गई है। जुलूस या रैली लेकर नामांकन दाखिल करने के लिये चुनाव आयोग ने पाबंदी लगाई है। उम्मीदवारों के नामांकन पत्र की जांच 5 अप्रैल को की जाएगी और 8 अप्रैल तक उम्मीदवारी वापस ली जाने दी जा सकती है।

उम्मीदवार की खर्च सीमा बढाकर 70 लाख रुपये की
लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार की खर्च सीमा बढाकर 70 लाख रुपये कर दिया गया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस मुरलीक्रिश्ना ने कहा कि, राज्य में 49,500 लाइसेंसी हथियार जमा किए गए है। सतर्कता के तहत, 33,500 गैर-जमानती वारंट जारी किए गए हैं और 1,12,305 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
चुनाव आयोग ने 91500 पोस्टर और बैनर हटाए
चुनाव आयोग ने 91500 पोस्टर और बैनर हटा दिए हैं। 18,500 सरकारी विज्ञापनों को सड़कों और निजी इमारतों से हटा दिया गया है। राज्य के सभी जिलों में मतदान हेल्पलाइन 1950 कार्यरत है, जिसमें अबतक 26,000 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
पढ़ें: इंडिया में फिर इलेक्शन टूरिज्म, इस बार वोटिंग के दिनों आ सकते हैं 10 हजार से ज्यादा विदेशी












Click it and Unblock the Notifications