गुजरात में भाजपा के खिलाफ जमकर प्रचार करने के बाद यूपी आए हार्दिक, कांग्रेस के लिए संभाला मोर्चा
Lok sabha elections 2019 News, गांधीनगर। गुजरात में लोकसभा चुनाव की वोटिंग के बाद युवा कांग्रेसी लीडर हार्दिक पटेल (hardik patel) अब यूपी में भाजपा के खिलाफ प्रचार अभियान में जुट गए हैं। बतौर स्टार प्रचारक, उनका पहला दौरा राहुल गांधी और सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र में हुआ है। वह हेलिकॉप्टर से राज्यभर में कांग्रेस के लिए कैंपेन करने निकले हैं।

हार्दिक ने यूपी में संभाला कांग्रेस के लिए मोर्चा
इतना ही नहीं, कांग्रेस पार्टी ने हार्दिक पटेल को राजस्थान और महाराष्ट्र में भी चुनाव अभियान की जिम्मेदारी सौंप दी है। 24 अप्रैल बुधवार को वह उत्तर प्रदेश में अमेठी और रायबरेली सीट के लिए प्रचार करने आए। बता दें कि, इससे पहले उन्होंने उत्तर-मध्य गुजरात और सौराष्ट्र की लोकसभा सीटों पर कांग्रेस के लिए जमकर प्रचार किया था। प्रदेश कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस के किसी भी नेता ने इतना प्रचार नहीं किया, जितना हार्दिक पटेल ने किया।

'अगर मुझे चौकीदार ढूंढना है तो मैं नेपाल जाऊंगा'
कांग्रेस के लिए हार्दिक पटेल जनसभा के अलावा रोड शो भी कर रहे हैं। वह यूपी के गांवों में भी प्रचार करेंगे। इस बीच उनका एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। गुजरात में मतदान के समय उन्होंने कहा, 'अगर मुझे चौकीदार ढूंढना है तो मैं नेपाल जाऊंगा, लेकिन मुझे भारत के लिए प्रधानमंत्री चाहिए। ऐसे प्रधानमंत्री जो देश की अर्थव्यवस्था को सुधारना चाहते हैं, शिक्षा का स्तर बढ़ाने के लिये तैयार हैं, युवाओं को रोजगार देने का वादा कर रहे हैं और देश के जवानों के हौंसले बुलंद करते हैं। वह हमें चाहिये, हम चौकीदार नहीं चाहते हैं।

अमेठी से राहुल तो रायबरेली से सोनिया लड़ रहीं चुनाव
हार्दिक पटेल ने पहले राहुल गांधी के लिए अमेठी के अहोरवाभवानी क्षेत्र में सुबह 11 बजे चुनावी जनसभा की। इसके बाद दोपहर को वह सलोन के करहिया बाजार में जनसभा करने पहुंच गए। दोनों जनसभाओं के बाद हार्दिक सोनिया गांधी के क्षेत्र रायबरेली को निकले। जहां वह दादुर ब्लॉक के संताव में और फिर कमालपुर ब्लॉक के रोहनियां में जनसभा संबोधित कर रहे हैं। बता दें कि, गुजरात में मंगलवार को हार्दिक पटेल ने जहां मतदान किया, वह पोलिंग बूथ विरमगाम था। अब हार्दिक का पूरा फोकस दूसरे राज्यों पर है।












Click it and Unblock the Notifications